

रुद्रपुर – बीते दिनों किच्छा क्षेत्र में एक खेत में बजाज कंपनी के कर्मचारी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह ह्त्या लूट के इरादे से की गई थी। जब पुलिस को शव मिला था तब यह एक ऐसे मर्डर की अनसुलझी गुत्थी थी, जिसे पुलिस ने मात्र 24 घंटे में सुलझा कर हत्यारे को सीखचों के पीछे पहुंचा दिया।

इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि बीती 31 अक्टूबर को एक शव मिला था। जिसके सर पर चोट के निशान थे। मृतक की ह्त्या शीशम की लकड़ी से की गई थी तथा उसने बजाज कंपनी की टीशर्ट पहनी हुई थी। पुलिस को निर्देशित किया गया था, कि इसका जल्द से जल्द खुलासा किया जाये। पुलिस और एसओजी की टीम ने मात्र 24 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। यह ह्त्या लूट के उद्देश्य से की गई थी।
शव मिलने के बाद पुलिस ने बजाज कम्पनी सिडकुल रूद्रपुर के HR से सम्पर्क किया तो उनके द्वारा बताया गया यह हमारी कंपनी का कर्मचारी लग रहा है तथा हमारी कंपनी में एक कर्मचारी28.अक्टूबर से कम्पनी में ड्यूटी में नही आया है। इस पर आस-पास के थानो में मालूमात की गयी। तो ज्ञात हुआ कि थाना रूद्रपुर में नीरज पंत निवासी मानपुर पश्चिम देवलचौड़ रामपुर रोड हल्द्वानी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गयी है। इस पर गुमशुदा के परिजनो से संपर्क किया गया। तो उन्होने मौके पर आकर शव की शिनाख्त की और परिजनो द्वारा उसकी किसी से कोई रंजिश होना नही बताया गया।
प्रथम दृष्टया मृतक की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा करना प्रतीत हो रहा था व हत्या किये जाने का कारण भी स्पष्ट नही था, मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर कोतवाली किच्छा में मु0अ0सं0 429/24 धारा 103(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया। दीपावली के दिन इस तरह शव बरामद होने की घटना की गंभीरता को देखते हुये किच्छा पुलिस व एसओजी रूद्रपुर की टीमो का गठन किया गया।
पुलिस टीम द्वारा जाँच के दौरान मृतक के दोस्तो व उसकी कंपनी के दोस्तो से संपर्क किया गया तो उनके द्वारा बताया गया कि 28 अक्टूबर को रात को मृतक व उसके दोस्तो ने साथ में बैठ कर काफी शराब पी थी। उसके बाद वह उसे रूद्रपुर बस स्टेशन के पास छोड़ कर चले गये थे। इस पर पुलिस टीम द्वारा बस स्टेशन रूद्रपुर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो का खंगाला गया।
पुलिस को जांच में नीरज पंत बस स्टेशन रूद्रपुर से एक ई-रिक्शा में बैठ कर श्याम तिराहे के पास पहुँचा तथा उक्त स्थान से एक महिला भी उस ई-रिक्शा में बैठती हुयी दिखाई दी और उनका एक आँटो रिक्शा वाला भी पीछा करता सीसीटीवी में दिखाई दिया। उसके बाद पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी में दिखाई दे रहे ई-रिक्शा चालक, महिला व उनका पीछा कर रहे आँटो चालक के संबंध में जानकारी जुताई जिसपर पता चला कि महिला श्याम तिराहे के पास फल का ठैला लगाती है। ई-रिक्शा चालक पैर से विकलांग है वो रात्री में ई-रिक्शा चलाता है। आँटो रिक्शा चालक पहाड़गंज रूद्रपुर में रहता है और वह भी रात्रि में आँटो रिक्शा चलाता है।
पूछताछ पर महिला व ई-रिक्शा चालक ने बताया कि नीरज पंत काफी शराब के नशे में था। पीछा करने वाले आँटो रिक्शा चालक से पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि उसने उसे अंतिम बार खेड़ा के रहने वाले चंदन के आँटो में बैठ कर किच्छा की ओर जाते हुये देखा है।
इस पर गठित पुलिस टीम द्वारा चंदन चौधरी पुत्र मोतीलाल चौधरी निवासी खेड़ा वार्ड न0 19 रूद्रपुर के बारे में मालूमात कि गयी तो वह पहले भी देह व्यापार के मामले में जेल जा चुका है और काफी शातिर किस्म का व्यक्ति है। पुलिस नेउसे मोदी मैदान के पास रूद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ में उसने बताया कि नीरज पंत उस दिन काफी शराब के नशे में था और मैंने सोचा कि इसके पास अच्छे रूपये होगे और मैं इससे रूपये लूट लूंगा तब मैंने नीरज को अपने आँटो में बिठाया और रूद्रपुर बस स्टेशन से किच्छा की ओर ले आया और गंगापुर रूद्रपुर रोड पर सुनसान जगह की ओर ले गया तो नीरज पंत मुझसे यह कहने लगा कि तू मुझे जंगल की तरफ क्यो ले कर जा रहा है। आँटो वापस ले जाने की जिद करने लगा इस पर हमारा झगड़ा हुआ और मैंने गंगापुर रोड पर सुनसान जगह देख कर खेत में आँटो में रखे डंडे से उसके सिर पर मार कर उसकी हत्या कर दी। उसका मोबाईल फोन, नगदी व पर्स अपने पास रख लिया जब मैं वापस रूद्रपुर की ओर आ रहा था तो रास्ते में मेरा आँटो भी पलट गया। जिसमें मुझे चोट भी लग गयी थी।
पुलिस ने चंदन चौधरी पुत्र मोतीलाल चौधरी निवासी खेड़ा वार्ड न0 19 रूद्रपुर को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर मृतक नीरज पंत का मोबाईल फोन नोकिया कंपनी,पर्स ,एचडीएफसी बैक का एटीम कार्ड बरामद किया है। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है,इसके विरुद्ध मु0अ0सं0 260/21 धारा 376,370,342,341 भादवी व 5/6 पाँक्सो व 3/4/5/6/8 अनैतिक देह व्यापार अधि0 के तहत मुकदमा दर्ज है।





















