

किच्छा – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केअनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किच्छा खुरपियां फार्म में औद्योगिक स्मार्ट सिटी व सेटेलाईट एम्स एवं हाइटेक बस अड्डा की सौगात देने पर किच्छा इन्दिरा गांधी खेल मैदान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार एवं अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री श्री धामी का विभिन्न संस्थाओं, संगठनों द्वारा पुष्पगुच्छों व पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का राइस मिलर्स, अग्रवाल सभा, पंजाबी सभा, उत्तराचंल सभा, बंगाली समाज, व्यापार मण्डल, भूमिहित संगठन, क्षत्रीय सभा, स्वतंत्रता संग्राम आश्रित संगठन व नगला वासियों द्वारा फुल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया साथ ही प्रतीक चिन्ह व अंग वस्त्र भेट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केन्द्र सरकार की मदद से प्रदेश में चौमुखी विकास कार्यो को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे आप सभी को यह बताते हुए हर्ष का अनुभव हो रहा है कि प्रधानमंत्री द्वारा ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में एक हजार एकड़ में एक इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी स्थापित की जा रही है जिससे अरबों का निवेश होगा तथा लाखों लोगों रोजगार मिलेगा। इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। भाजपा सरकार ने एम्स की सौगात देकर यहां की जनता का लाभांवित किया है।
इसके अलावा उन्होंने विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हुये प्रदेश व राष्ट्र विरोधी लोगों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश में रहते हैं लेकिन हमने उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उनको शांत करने का काम किया है। राज्य में वो थूक जिहाद करने वाले लोगों को पनपने नहीं देगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री धामी ने विधानसभा किच्छा क्षेत्र में लगभग 8.5 किमी अटरियां सड़क निर्माण, पंतनगर विश्वविद्यालय में अम्बेडकर पार्क में बाबा साहेब डॉ0 भीम राव अम्बेडकर जी की आदम कद मूर्ति स्थापना, विभाजन विभिषिका के सैनानियों स्मारक स्थापना, बण्डियां नमक फैक्ट्री के पास पुल निर्माण व दरऊ में अम्बेडकर पार्क का सौन्दर्यकरण की घोषणा की।
उन्होने कहा कि पूरे देश में मात्र 12 नये औद्योगिक स्मार्ट पार्क बनने थे एक औद्योगिक स्मार्ट पार्क किच्छा में बनाया जा रहा है। इसके लिए उन्होने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। किच्छा के पास पंतनगर में अन्तराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का स्वर्णिम विकास होगा। हमने 850 एकड़ भूमि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए हस्तगत कर दी है। अब शीघ्र ही एयरपोर्ट का कार्य प्रारम्भ होने जा रहा है।पिछले लगभग पांच दशको से लम्बित जमरानी बांध को भी स्वीकृति मिल गयी है। जिससे तराई के पेयजल व सिंचाई के लिए मील का पत्थर साबित होगा साथ ही गिरता हुआ भू-जल भी बढेगा। उन्होने कहा भारत सरकार द्वारा एचएमटी की भूमि को राज्य सरकार को दे दी गयी है। अब राज्य सरकार एचएमटी की भूमि अन्य प्रयोजन के लिए भी उपयोग कर सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम प्रदेश में कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने से लेकर विभिन्न योजनाओं के जरिए जन-जन का उत्थान सुनिश्चित करने तक, हर क्षेत्र में काम कर रहे हैं। औद्योगिकीकरण, पर्यटन और कृषि के क्षेत्र में विकास कर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को गति प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने शुक्ला के प्रयास को सराहा
किच्छा – सीएम धामी ने हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ को देखकर कहा कि राजेश शुक्ला के जन्मदिन के अवसर पर यह दूसरा मौका है जब वह किच्छा आए हैं। इससे पहले साल 2021 में भी इसी प्रकार किच्छा की जनता का प्यार उनको मिला था। इतनी तेज धूप के बावजूद पंडाल में इतनी बड़ी तादात में लोगों का होना, दिखाता है कि लोग हमसे प्यार करते हैं। सीएम धामी ने जहां राजेश शुक्ला की सराहना की तो उपस्थित जनता का आभार भी जताया।
2025 तक एम्स के संचालन की संभावना
किच्छा – इन्दिरा गांधी खेल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने किच्छा की जनता की ओर से मुख्यमंत्री धामी को स्मृति चिन्ह व फूलों की बड़ी माला से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने कहा कि सैटेलाइट एम्स का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। सम्बंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश है। एम्स का संचालन 2025 तक शुरू कर दिया जाएगा। जिसका लाभ किच्छा सहित पूरे प्रदेश व पड़ोसी राज्य के शहरवासियों को भी मिलेगा।
कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार द्वारा किये जा रहे विकास कार्यो की विस्तृत जानकारियां दी। उन्होने कहा कि किच्छा तराई का सबसे पुराना शहर है, लेकिन विकास में पिछड़ गया था, परन्तु पुष्कर सिंह धामी ने किच्छा क्षेत्र में लगातार विकास की गंगा बहाई है।
उन्होने कहा किच्छा में एम्स व बस अड्डा एवं औद्योगिक स्मार्ट पार्क हेतु उन्होने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि 1000 एकड़ में औद्योगिक स्मार्ट पार्क का निर्माण होने जा रहा है तथा अरबो का निवेश होगा व लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होने शांतिपूरी से जिला मुख्यालय को जोड़नी वाली अटरियां सड़क 8.5 किमी निर्माण, पंतनगर विश्वविद्यालय में अम्बेडकर पार्क में बाबा साहेब की मूर्ति स्थापना, विभाजन विभिषिका के सेनानियों का स्मारक बनाने, बंडिया नमक फैक्ट्री के पास पुल निर्माण, धौरा डाम के लोगों को भूमि का मालिकाना हक देने, किच्छा में वैंडिगं जोन बनाने व दरऊ में अम्बेडकर पार्क के सौन्दर्यकरण करने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया।

आज भी विधायक हैं शुक्ला : अजय भट्ट
सांसद अजय भट्ट ने मंच से अपने संबोधन में सबसे पहले उनको जीत दिलाने के लिये आभार जताया। उन्होंने कहा कि किच्छा की जनता ने उनको हमेशा ही प्यार दिया है, यही कारण है कि उनको एतिहासिक जीत मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार विकास कार्यों को पूरा कराने का काम कर रही है। किच्छा में इस बार भले ही राजेश शुक्ला की हार हो गयी हो लेकिन वह आज भी विधायक हैं। कहा कि शुक्ला किच्छा के विकास की चिंता करते हैं।
कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, ब्लाक प्रमुख ममता जल्होत्रा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, उत्तम दत्ता, राजपाल सिंह, खतीब अहमद, पूर्व विधायक डॉ0 प्रेम सिंह राणा, डॉ0 शैलेन्द्र मोहन सिंघल, निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह, जिलाध्यक्ष कमल जिदंल, गुंजन सुखीजा, प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, महामंत्री अमित नारंग, सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा, कमलेन्द्र सेमवाल, मनमोहन सक्सेना, हरविन्दर कौर, संदीप अरोरा, अक्षय अरोरा, चंदन जायसवाल, राकेश गुप्ता, अनिल यादव सहित मण्डलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी उदयराज सिंह, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, सीडीओ मनीष कुमार, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, राकेश तिवारी, मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डेय आदि उपस्थित थे।





















