
– इंडिया नज़र ब्यूरो रूद्रपुर – चेकिंग के दौरान सिख युवक के साथ की गयी अभद्रता के विरोध में कांग्रेसजनों ने डीडी चौक पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया। कांग्रेसियों ने सिख युवक के साथ बदसलूकी करने वाले दरोगा को निलंबित करने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता डी डी चौक पर एकत्र हुए। कांग्रेसियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और दोनों का पुतला फूंका।

इस दौरान जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय आम जनता के साथ गुण्डई दिखा रही है। चेकिंग के नाम पर आये दिन लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। भाजपा सरकार में कभी बंगाली समाज तो कभी सिख समाज को अपमानित किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि सिख युवक के साथ दरोगा द्वारा की गयी अभद्रता निंदनीय है। बेकसूर युवक के साथ दरोगा ने अभद्रता करते हुए बाइक को लात मारकर गिरा दिया। ऐसे दरोगा को पुलिस विभाग से तत्काल बाहर किया जाना चाहिए। इस तरह के पुलिस कर्मी मित्र पुलिस की छवि को भी कलंकित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिख समाज के साथ पहले भी खड़ी थी और आगे भी हमेशा खड़ी रहेगी। दरोगा को निलंबित नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश में कांग्रेस आंदोलन चलायेगी।
कांग्रेस नेता सौरभ चिलाना ने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस बेलगाम हो चुकी है। पुलिस पर सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। प्रदेश में आपराधिक तत्व खुलेआम संगीन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस अपराधियों पर लगाम कसने के बजाय आम आदमी पर गुस्सा उतार रही है। उन्होंने सिख युवक से बदसलूकी करने वाले दरोगा के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर निलंबित करने की मांग की। पुतला फूंकने वालों में काफी संख्या में कांग्रेसी शामिल थे।





















