
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल ऊधम सिंह क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने जिले के खटीमा, शक्ति फार्म, सितारगंज और नानकमत्ता क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान भारी जल भराव क्षेत्र में निरीक्षण करते हुए श्री भट्ट ने अधिकारियों से आपदा पीड़ित लोगों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से इस विषम परिस्थिति में धैर्य बनाए रखने की अपील की।
श्री भट्ट ने कहा कि भारी मूसलाधार बरसात के बाद हुए जल भराव की स्थिति बेहद अप्रत्याशित थी। सरकार और प्रशासन पूरी तरह जल भराव से प्रभावित लोगों की मदद में जुटा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

श्री भट्ट ने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पूरे क्षेत्र का हवाई व स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही अधिकारियों को तत्काल प्रभावित लोगों व व्यापारियों के नुकसान का आकलन करने को कहा गया है।
इसके बाद सांसद भट्ट भारी बरसात में जल भराव के कारण अपने पुत्रों को खो चुके हल्दी क्षेत्र के निवासी राम कृपाल और धर्मेंद्र कुमार के आवास में पहुंचे जहां उन्होंने पानी में डूबने से उनके पुत्रों की दुखद मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवारॉ को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि के चेक दिये।

श्री भट्ट ने शक्ति फार्म और नानकमत्ता के कई इलाकों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भारी जल भराव वाले इलाकों में तत्काल एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना सहित जल पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बचाव राहत कार्य शुरू कर दिए थे। अभी भी लगातार आपदा राहत का काम जारी है।
श्री भट्ट ने लोगों से अपील की है कि वह भी अपने स्तर से जो नुकसान हुआ है उसके बारे में स्थानीय प्रशासन को जानकारी दें। ताकि इतने बड़े पैमाने पर हुए नुकसान की जल्दी आर्थिक सहायता दी जा सके।





















