
नई दिल्ली/रुद्रपुर – पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल – ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने भारी बरसात को देखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल और जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर से दूरभाष पर वार्ता कर जल भराव और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सरकारी मशीनरी को तैयार रखने के निर्देश दिये है।
बुधवार को लगातार हो रही बरसात के बाद विभिन्न इलाकों में हुए जल भराव का संज्ञान लेते हुए सांसद भट्ट ने जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह और जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर उदय राज सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर जिलों में बारिश से हुए जल भराव व नुकसान की जानकारी ली।
इस दौरान श्री भट्ट ने जिलाधिकारी को कहा कि भारी बरसात के पूर्वानुमान के चलते पूरी सरकारी मशीनरी को अलर्ट मोड पर रखा जाए। इसके अलावा तराई क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत बचाव एवं राहत कार्य शुरू किए जाएं। साथ ही पर्वतीय क्षेत्र में बरसात से हुए नुकसान व प्रभावित लोगों को सकुशल अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट कर उनके रखरखाव की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
श्री भट्ट ने कहा कि दोनों जिलाधिकारी अपने-आप ने जिलों में लगातार प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने में जुटे हैं। सरकारी मशीनरी पहाड़ों में मार्ग खुलवाने को लेकर दिन रात जुटी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा सत्र के चलते वह दिल्ली में है इसके पश्चात तुरंत स्थलीय निरीक्षण के लिए आएंगे।





















