
रुद्रपुर – लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिये चुनाव आयोग ने पूरे देश में जागरूकता अभिययान चला रखा है। जिससे शत प्रतिशत मतदान हो और मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पाये।

मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता की अनोखी पहल विभिन्न समाजिक संस्थाओ से जुड़े समाजसेवी विजय भूषण गर्ग ने अपने लालपुर स्थित विजय फिलिंग स्टेशन पर शुरू की है। उन्होंने घोषणा की है कि मतदान के दिन जो भी मतदाता अपनी अंगुली पर स्याही का निशान दिखायेगा। उसे डीज़ल और पेट्रोल में प्रति लीटर पचास पैसे का डिस्काउंट मिलेगा। यह छूट की योजना सिर्फ मतदान के दिन प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक रहेगी।

विजय भूषण गर्ग ने ‘इंडिया नज़र’ को बताया कि देश के सभी नागरिको को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए. चुनाव आयोग भी इसके लिये जागरूकता अभियान चला रहा है। जिससे ज़्यादा से ज़्यादा मतदान हो सके।
उन्होंने कहा देश के चुनाव के महापर्व पर उन्होंने छोटी सी पहल की है, इससे मतदाताओं को जागरूक करने में कामयाबी मिलेगी। साथ ही उन्होंने सभी से अपील की है कि वो अपने मतदान केंद्र पर जाकर अपने वोट का प्रयोग करे।





















