

– इंडिया नजर ब्यूरो
गदरपुर – शराब तस्कर कितने शातिर है कि वो अभी से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर थाना क्षेत्र के सकेनिया के जंगलों में तस्करी करके जमा करने वाले थे। जिसे वो चुनाव के दौरान ऊंची कीमतों पर बेचते।
पुलिस ने उनके इन मंसूबों पर पानी फेर दिया।

एक मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक केंटर में 745 पेटी अवैध शराब को दो तस्करों सहित पकड़ लिया। पकड़ी गई शराब की कीमत एक करोड़ रुपए आंकी गई है।
ये राज्य में अब तक की सबसे बड़ी शराब की खेप की बरामदगी हुई है। जबकि शराब के इस गोरखधंधे की आबकारी विभाग को कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस के अनुसार कैंटर नंबर यूपी 22 बीटी 2263 से यह अवैध शराब मिली है।
जो बकार्डी ब्रांड की अंग्रेजी रम शराब है।
पुलिस ने इस मामले में कैंटर में मौजूद उत्तर प्रदेश के भोट क्षेत्र के रहने वाले सोनू और धर्मपाल को गिरफ्तार किया है।
एस एस पी मंजू नाथ टीसी के अनुसार ये दोनों व्यक्ति लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शराब की तस्करी करके उत्तराखंड ला रहे थे।
एसएसपी का कहना है कि वो अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेंगे। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वो राज्य को नशा मुक्त कराने के प्रति लगे हुए है।





















