

– हिमांशु तिवारी, फिल्म एडिटरदेहरादून – उत्तराखंड अब फिल्म निर्माताओं की पसंद बनता जा रहा है, यहां अब बड़े बैनर की फिल्मे और वेब सीरीज़ शूट हो रही है। यहां की लोकेशन बहुत खूबसूरत है। अब लगातार फिल्म निर्माताओं और फिल्म अभिनेताओं का यहां आना जाना लगा हुआ है।
बीते दिन प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अनुपम खेर जब देहरादून दौरे पर आये तो उन्होंने सचिवालय जाकर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की और उत्तराखण्ड में फिल्मांकन एवं फिल्म निर्माण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से मुख्यमंत्री से चर्चा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग के लिए बेहतर वातावरण बनाने के लिये सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में शूटिंग के लिए देश व दुनिया के सबसे सुंदर स्थल है। इनमे नैनीताल, मसूरी, औली, चकराता, पिथौरागढ़, मुनस्यारी, चोपता, हर्षिल व फूलों की घाटी जैसे मनोहारी स्थल उत्तराखंड में हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश के साथ ही बदरी-केदार धाम और गंगा-यमुना जैसी सदाबहार नदियां भी मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार फिल्म निर्माताओं व वेब सीरीज बनाने वाले निर्माता-निर्देशकों के लिए कई योजनाएं प्रदेश में संचालित कर रही है। उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग के लिए बेहतर वातावरण बनाने को सरकार निरंतर प्रयासरत है। स्थानीय कुमांयूनी और गढ़वाली फिल्मो और वेब सीरीज़ के लिये सब्सिडी प्रदान की जा रही है। साथ ही अब हिंदी फिल्मो को भी 25 प्रतिशत की राशि सब्सिडी के रूप में प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय प्रतिभाशाली कलाकारों को काम मिलेगा और रोज़गार भी मिलेगा।





















