

किच्छा – ”मैंने अपने पाँच साल के नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल में जनहित के विकास कार्यो और विकास योजनाओ को प्राथमिकता दी, नगर के लोगो का मुझे आशीर्वाद मिला रहा। जिसके कारण मेरा कार्यकाल संतोषजनक रहा और स्टाफ का भी पूरा सहयोग मिला। जिससे में उनके सहयोग और मार्ग दर्शन से अपना कार्य सम्पादित कर सका.”
यह उदगार किच्छा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष दर्शन कुमार कोली ने अपने कार्यालय में अंतिम कार्य दिवस पर ‘इंडिया नज़र’ से बातचीत में व्यक्त किये।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के चुनाव में मुझे नगर की जनता ने कांग्रेस के टिकट पर पांच वर्ष पूर्व अपना स्नेह,प्रेम और आशीर्वाद देकर निर्वाचित किया था। 2 दिसंबर 2018 को मैने नगर पालिका परिषद किच्छा में अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया था। मेरे सामने काफी चुनोतिया थी। लेकिन मैने इन चुनोतियो का सामना किया और जनता के जनहित के कार्यो को पूरी निष्ठा से किया।
दर्शन कुमार कोली ने कहा कि नगर पालिका परिषद के चुनाव में कुछ ग्रामीण क्षेत्रों को भी शामिल कर लिया गया था। जिसमे बंडिया, किशनपुर,सिरोलीक्ला, आज़ादनगर जो काफी पिछड़े हुए थे, को शामिल किया गया था। इन क्षेत्रों में सड़को और नालियों की समस्या थी। सबसे पहले इन ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को प्राथमिकता दी और वहा सड़को,नालियों और स्ट्रीट लाईट का कार्य कराया गया। जो आमजन की मूलभूत समस्या है।

इसके साथ ही 300 से ज़्यादा इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाकर पेयजल उपलब्ध कराया गया साथ ही पांच सौ अड़तालीस खराब पड़े हैण्डपम्पो को सही कराया गया। उपरोक्त विकास योजनाओ में लगभग 36 करोड़ से ज़्यादा खर्च हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में 13 हज़ार से ज़्यादा एलएडी लाईटे लगवाकर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि कोरोनाकाल में सफाई व्यवस्था रखने के अलावा पालिका के सभी कर्मियों ने नगर को सेनेटाइज़ करने में अहम् भूमिका निभाई थी। उन्होंने कोरोना योद्धा की भूमिका निभाई। सभी क्षेत्रों में कार्य किया।

‘इंडिया नज़र’ से बातचीत में दर्शन कुमार कोली ने कहा कि पीडब्ल्यू विभाग द्वारा नगर की सड़को को ऊंचा कर देने से डिवाइडर समाप्त हो गए थे, इसके लिये 2 करोड़ 87 लाख रूपये का टेंडर किया है। नई फेन्सी लाईटे लगेंगे नगर सुन्दर दिखेगा। उन्होंने बताया कि कूड़ा निस्तारण की सबसे बड़ी समस्या का निराकरण कराने के लिये दो एकड़ भूमि पालिका द्वारा क्रय की गई है। कूड़ा निस्तारण के लिये शासन को प्रोजेक्ट बनाकर भेजा है जो पच्चीस तीस करोड़ रूपये का है।

दर्शन कुमार कोली ने अपने कार्यकाल के अंतिम दिन सभी नगरवासियो, कर्मचारियों, सहयोगियों एवं पार्टीजनों के साथ ही विधायक तिलक राज बेहड़ का भी आभार व्यक्त किया है।





















