


– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ अब नगर में विकास कार्यो के लिये अपने पुराने अंदाज़ में आ गए है। कभी विकास पुरुष के नाम से नवाज़े गये बेहड़ की इन दिनों विकास कार्यो को लेकर सक्रियता बढ़ गई है।
विधायक तिलक राज बेहड़ बहुत जल्द विधायक निधि से आदित्य चौक, हल्द्वानी मार्ग और बरेली मार्ग पर तीन स्वागत द्वारो का निर्माण कार्य करवा रहे है। इसके चिन्हीकरण के लिये विधायक आदित्य चौक पर लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, चकबंदी के अधिकारी तथा क्षेत्र के पदाधिकारीयों के साथ पहुंचे और मौके का ज़ायज़ा लेकर नाप जोख करवाई।

विधायक बेहड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि किच्छा शहर में विधायक निधि से लगभग एक करोड़ की लागत तीन भव्य गेटों का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें एक गेट किच्छा आदित्य चौक के निकट, एक गेट किच्छा दरऊ चौराहे के निकट तथा तीसरा गेट हल्द्वानी बाईपास स्थित हिमालय पब्लिक स्कूल के निकट बनाया जाना प्रस्तावित है।
इन स्वागत द्वारो के निर्माण के लिये अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर चिन्हिकरण किया गया है। ताकि भविष्य में गेटों के निर्माण होने पर कोई कठिनाई न आए। इस विषय में सभी अधिकारियों की मौजूदगी में जगह का चिन्हिकरण कर विभागों से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट देने के निर्देश दिए गए |

बेहड़ ने कहा कि नगर को भव्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है विधुत पोल जो विकास के रास्ते में आ रहे है उन्हें हटाया जायेगा | आदित्य चौक से दींन दयाल चौक तक तथा रेलवे स्टेशन से बंडिया होते हुए बाईपास तक चौड़ीकरण के प्रस्ताव भी तैयार कराया जा रहा है |
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, किच्छा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुड्डू तिवारी, व्यापार मंडल के महामंत्री विजय अरोड़ा, व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष नितिन फुटेला, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विनोद प्रसाद डबरियाल, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग पंकज कुमार, ऐई लोक निर्माण विभाग प्रकाश लाल, जेई ग्रामीण निर्माण विभाग गोपाल भट्ट,चक्बन्धी कानूनगो अनिल कुमार,पटवारी अशोक कुमार,पंकज कुमार,विधुत विभाग जेई ओम कुमार, सुनील ठाकुर,नजाकत खान, जगरूप सिंह गोल्डी, सुनीता कश्यप, धर्मेंद्र सिंधी आदि लोग उपस्थित थे।





















