


– इंडिया नज़र ब्यूरो देहरादून/रुद्रपुर:- पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने नगलावासीयो के साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से यमुना कालोनी आवास पर मुलाकात कर नगला नगर पालिका क्षेत्र की मलिन बस्तियों का नियमितीकरण करने की मांग रखी।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को बताया कि पंतनगर के संजय कॉलोनी, मस्जिद कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, नगला आदि मालिन बस्तियों में सन 1962 से काबिज हैं तथा मलिन बस्ती के रूप में काबिज रहते धीरे-धीरे लगभग 60 वर्षों में कुछ कच्चे व कुछ पक्के मकान बनाकर गुजर बसर कर रहे हैं। गत वर्षो में उत्तराखंड सरकार द्वारा मलिन बस्तियों की पुरानी आबादियों का नियमितीकरण करके उन्हें मालिकाना हक दिया गया, परंतु नगला नगर पालिका क्षेत्र की पुरानी मलिन बस्ती इसमें शामिल नहीं हो पाई, क्योंकि तब नगला नगर पालिका अस्तित्व में नहीं आई थी। अन्य नगर पालिका पंचायत द्वारा अपने क्षेत्र के मलिन बस्तियों को नियमितीकरण करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि सरकार द्वारा आपकी अध्यक्षता में गठित प्रदेश में मलिन बस्तियों को नियमितीकरण तीन सदस्यीय कमेटी के अध्यक्ष होने के नाते जिला प्रशासन को नगला नगर पालिका क्षेत्र की मलिन बस्तियों का नियमितीकरण करने का प्रस्ताव शासन को भेजने को निर्देशित करें जिससे इन्हें अपनी जमीन का मालिकाना हक मिल सके।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला व उपस्थित नगलावासियो को आश्वस्त किया कि सरकार की मंशा है किसी को बेघर ना किया जाए एवं उजड़ने से पहले उन्हें पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने इस संबंध में एक तीन सदस्य कमेटी का गठन किया है, जिसका मुझे अध्यक्ष बनाया है, इस संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता कर जल्दी ही नगला नगर पालिका क्षेत्र की मलिन बस्तियों का नियमितीकरण करने का प्रस्ताव शासन में मंगाकर कार्रवाई की जाएगी।





















