
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – उत्तराखंड के किच्छा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने निवास रुद्रपुर में नैनीताल- ऊधम सिंह नगर- काशीपुर जनपद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के अभिनंदन समारोह करके अपना राजनैतिक कद को बढ़ाने का काम किया है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के इस अभिनन्दन समारोह से राजनीति के कई मायने निकाले जा रहे है। इस कार्यक्रम से शुक्ला ने अपनी कार्यकर्ताओ पर मज़बूत पकड़ को प्रदर्शित कर दिया है। राजनीतिक पंडितो का कहना है कि राजेश शुक्ला 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में नैनीताल-ऊधम सिंह नगर क्षेत्र से अपनी दावेदारी कर सकते है। लेकिन राजेश शुक्ला ने अपने ब्यान में इसे ख़ारिज करते हुए कहा है कि पार्टी हाई कमान जिसे भी टिकट देगा उसको चुनाव लड़ाया जायेगा। फिलहाल इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में कई चर्चाओं का बाज़ार गर्म है।
कार्यकर्ताओ को सम्बोधित करते हुए राजेश शुक्ला ने कहा कि नैनीताल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा का जो भी प्रत्याशी होगा उसे फिर से भारी मतों से जीताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मजबूत किया जायेगा। साथ ही प्रधानमंत्री के मन की बात के 100वे एपिसोड को हर बूथ पर 100 से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराकर ऐतिहासिक बनाया जायेगा।
पूर्व विधायक एवं कार्यक्रम संयोजक राजेश शुक्ला ने सभी कार्यकर्ताओ का आभार जताते हुए कहा कि इस समय विपक्ष धराशाई और बिखरा हुआ है, भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी से ही है, हमारी चुनौती हमारी पूर्व की सफलता है जिसका रिकॉर्ड हमें तोड़ना है, हमारी तुलना हम ही से होगी और जितना हमने किया है उससे अधिक की अपेक्षा जनता को हमसे होगी।
शुक्ला ने कार्यकर्ताओ से कहा कि हमे सजग एवं संगठित होकर 2024 के लक्ष्य को पूरा करना है, उन्होंने कहा कि नैनीताल लोकसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मॉडल डिग्री कॉलेज और अब एम्स की स्वीकृति कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने इस क्षेत्र से लगाव को साबित किया है, कोलकाता अमृतसर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना के बाद युवाओं को रोजगार के अवसर और अधिक मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि नैनीताल ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र पहाड़ भावर व तराई का मिलाजुला क्षेत्र में इसके पर्यटन, तीर्थाटन , कृषि , उद्योग तथा खेल के क्षेत्र में विकसित कर भारत के मानचित्र पर स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ही नेतृत्व में संभव किया जा सकता है।

शुक्ला ने कहा कि उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगाव व प्रदेश के उर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कर्मठता का सममिश्रण कर हम उत्तराखंड को देश के सम्मुख एक विकसित और अनुशासित राज्य के रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को जन-जन तक पहुंचाने की चुनौती को पूरा करते हुए जन जन की आकांक्षाओ को पूरा करने वाली जवाबदेह सरकार कायम रखना हमारी जिम्मेदारी है साथ ही साथ हम जन सरोकार से भी जुड़े तथा महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु एक कड़ी साबित हुए हैं एवं समाज की बुराइयों खासतौर पर नशे की गिरफ्त में जाते उत्तराखंड को रोकने के लिए भी कार्यकर्ताओं को एक सामाजिक आंदोलन खड़ा करना होगा।
आपको बता दे कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आज अपने रुद्रपुर आवास पर विभिन्न प्रकोष्ठो के नव मनोनीत पदाधिकारियों के स्वागत समारोह का आयोजन किया था। जिसमें नैनीताल से लेकर जसपुर और खटीमा तक के सैकड़ों पदाधिकारियों ने भाग लिया। इन कार्यकर्ताओ को मंच पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र और अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया।
इस अभिनन्दन समारोह को वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण बंसल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री राजेश कुमार एवं शांति मेहरा ने भी सम्बोधित किया और सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को हर बूथ पर आयोजित कराना सुनिश्चित करें तथा इसके लिए जन जागरण अभियान चलाकर या प्रयास हो कि हर बूथ पर 100 से अधिक लोग प्रधानमंत्री जी की बात को सुने। इसके लिए बूथ स्तर तक जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को प्रभारी बनाकर सार्वजनिक स्थानों पर इसके आयोजन की पूरी तैयारी की जाए।
इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल एवं अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन ने कहा कि नेतृत्व द्वारा चलाया जा रहा बूथ सशक्तिकरण अभियान अपने अंतिम पड़ाव में है यदि बूथ जीता तो चुनाव जीत का नारा देकर बूथ समितियों व पन्ना टोली को ठीक प्रकार से गठित कर दिया जाए तो हम पिछले रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन मनमोहन सक्सैना ने किया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला नेआये कार्यकर्ताओ कोअंग वस्त्र भेंट कर एवं प्रशस्ति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम से पूर्व विधायक ने अपनी मज़बूत पकड़ को दिखाने की कोशिश की है। जिससे उन्हें राजनीतिक लाभ मिलने के कयास लगाए जा रहे है।





















