रुद्रपुर – विधान सभा से भाजपा प्रत्याशी शिव अरोरा ने कहा कि भाजपा में ही देवभूमि का हित सुरक्षित है। कहा कि भाजपा और नरेंद्र मोदी से बड़ा हिन्दुत्व कहीं और नहीं हो सकता, इसलिए लोग भाजपा को ही वोट दें।
चुनाव प्रचार के दौरान संजयनगर खेड़ा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जो मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करती है। आज लव जिहाद के बहुत से मामले सामने आते हैं, जिससे हिन्दू बालिकाओं का जीवन बर्बाद हो रहा है। भाजपा ने इसे गंभीरता से लिया है और लव जिहाद के आरोपियों को सख्त सजा देने का फैसला लिया है। कहा कि आज कुछ लोग हिन्दुत्व का लवादा ओढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता समझदार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा समग्र विकास कर सकती है। भाजपा के दृष्टिपत्र में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। महिलाओं के सशक्तिकरण की बात हो या स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की बात भाजपा करके दिखाएगी। कहा कि रुद्रपुर में ईडब्ल्यूएस आवास की योजना लागू करके गरीबों को मकान उपलब्ध कराए जाएंगे।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि वर्षों से अनसुलझी नजूल की समस्या का समाधान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर दिया। अब गरीब लोगों को मालिकाना हक देने के लिए कैंप वे लगवाएंगे और सारी औपचारिकताएं पूरी करा कर लोगों को मालिकाना हक दिलाएंगे। इसी तरह ट्रांजिट कैंप की दानपत्र की जमीनों के मुद्दे को सुलझाया जाएगा। इस दौरान के के दास ,अमन मंडल ,अखिल विस्वास ,मनु सरकार ,गौरांग सरकार ,विप्रो ढाली ,संतोष ,मनोज रॉय ,सुभास चंद्र सरकार ,उत्तम मंडल ,महादेव राय आदि शामिल थे।





















