– विक्की रस्तोगी
नैनीताल – देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोविड और ओमाइक्रोन संक्रमण के बीच प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को स्थगित करने की याचिका पर उत्तराखंड उच्च न्यायालय में आज अहम सुनवाई हुई।
कोर्ट ने भारत के चुनाव आयोग से मौजूदा स्थिति की व्याख्या करने के लिए कहा। इसे देखकर कोर्ट ने पूछा है कि क्या राज्य में वर्चुअल रैलियां संभव हैं, इसके साथ ही कोर्ट ने यह भी पूछा है कि चूंकि कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है तो क्या ऑनलाइन वोटिंग की जा सकती है ?
सच्चिदानंद डबराल द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति एनएस धानिक की खंडपीठ ने भारत निर्वाचन आयोग को निर्देश जारी कर पूरे मामले में 12 जनवरी को हलफनामा पेश करने का आदेश दिया है।
हाईकोर्ट ने भारत निर्वाचन आयोग से कहा कि वे वर्चुअल रैलियों के साथ-साथ ऑनलाइन वोटिंग कराने का विकल्प भी अपने पास रख सकते हैं।
उपरोक्त सभी बिंदुओं पर 12 जनवरी को उच्च न्यायालय में भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष एक हलफनामा प्रस्तुत करना है, उस दिन पूरे मामले पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।





















