
रूद्रपुर – केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ओर प्रदेश चुनाव सह प्रभारी लोकेट चटर्जी की अगुवाई में सोमवार को भाजपा की विजय संकल्प यात्रा रूद्रपुर पहुंची। यहां पहुंचने पर विजय संकल्प यात्रा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। विजय संकल्प रैली के आगमन पर शहर में जोरदार बाइक रैली निकाली गयी। रैली सिटी क्लब से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए अम्बेडकर पार्क पहुंची। यहां विशाल जनसभा का आयोजन किया गया।
जनसभा में पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट और प्रदेश सह प्रभारी लोकेट चटर्जी को बड़ी माला पहनाकर सम्मानित किया गया। जनसभा को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा रक्षा मंत्री अजय भट्ट और प्रदेश सह प्रभारी लोकेट चटर्जी ने अपने सम्बोधन से कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया।
उन्होंने केन्द्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए एक बार फिर भाजपा को मौका देने की अपील की। जनसभा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दावहीन हो गया है। उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। इस लिए वह आये दिन जनता को गुमराह करने पर तुले हुए हैं।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार ने जो काम किये हैं वह सबके सामने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष लगाव इस प्रदेश के साथ रहा है। इसी लिए यह प्रदेश चारों तरफर से आज तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता का लोहा आज पूरी दुनिया मानती है। अजय भट्ट ने कहा कि जनता का विश्वास नहीं टूटने दिया जायेगा। अजय भट्ट ने कहा कि आने वाले चुनाव में धामी को दुबारा मुख्यमंत्री बना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है, इसी में उत्तराखण्ड की भलाई है।
श्री भट्ट ने कहा कि विकास कार्यों की बदौलत राज्य सरकार ने लोगों के दिलों में जगह बनाई है। जिसकी बदौलत भाजपा दोबारा सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि नजूल भूमि की वर्षों पुरानी समस्या और बंगाली समाज के जाति प्रमाण पत्रों पर पूर्वी पाकिस्तानी शब्द को हटाकर सरकार ने साबित किया है कि भाजपा सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है। मोदी सरकार ने सात वर्ष के कार्यकाल में जो काम किए हैं, वह 60 वर्षों में पूर्ववर्ती सरकार नहीं कर सकी। वैक्सीनेशन को लेकर मोदी सरकार को कुछ लोग कटघरे में खड़ा कर रहे थे,कह रहे है कि यह मोदी की वैकसीन है। वह ही अपने परिवार वालों को रात के अंधरे में वैक्सीन की डोज लगवाने जाते दिखाई दिए।
विपक्ष ने अफवाह उड़ाई कि यह जानवर के सीरम से बनी वैक्सीन है, इसे न लगाओ, लेकिन लोगों ने मोदी के इस अभियान में पूरा साथ दिया। रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि देश में दो दिन पहले तक करीब 141 करोड़ लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी थी। अब किशोरों के टीकाकरण का अभियान भी वृहद सतर पर शुरू हो चुका है। मोदी की अगुआई में देश की सभी सीमाएं सुरक्षित हैं। मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद भारत 72 देशों को सेना का सामान निर्यात कर रहा है। दुनिया में टाॅप 25 देशों में निर्यात के मामले में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सबसे पहले देश है फिर पार्टी है और फिर परिवार। भाजपा सरकार सभी धर्म जाति के लोगों को साथ लेकर चलने वाली सरकार है। रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि इस बार प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार दोबारा बनने जा रही है। सभी सर्वे इस ओर इंगित कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश सह चुनाव प्रभारी लोकेट चटर्जी ने कहा मुझे गर्व महसूस हो रहा है कि मुझे देवभूमि में काम करने का मौका मिला है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में जो काम हो रहा है। उससे दम पर 2022 में एक बार फिर प्रदेश में भाजपा का परचम लहरायेगा। उसके बाद उत्तराखण्ड में विकास और तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि जो काम भाजपा कर सकती है वह कोई भी सरकार नहीं कर सकती। विधायक राजकुमार ठुकराल ने रूद्रपुर विधानसभा में कराये गये विकास कार्यों को गिनाते हुए एक बार फिर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाने का आहवान किया। सभा का संचालन भाजपा नेता सुरेश कोली ने किया।





















