
– गोपाल सिंह
पिथौरागढ़ – सरकार, शासन की ओर से नियुक्तियां देने के साथ ही कई अन्य मांगो पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं किए जाने से आक्रोशित बेरोजगार फार्मासिस्टों ने विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है।
उन्होंने बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ के गांधी चौक में भाजपा सरकार और स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन की घोषणा भी की है, साथ ही साथ देहरादून,श्रीनगर,खटीमा,हल्द्वा नी, बागेश्वर में भी सरकार और स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। भाजपा के सदस्य रहे कुछ बेरोजगार फार्मासिस्टों द्वारा भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता भी ली जाएगी।
बेरोजगार फार्मासिस्ट संघ के कुमाऊं संयोजक भूपेन्द्र अन्ना ने बताया कि देहरादून के एकता बिहार में बेरोजगार फार्मासिस्ट 19 अगस्त से आंदोलनरत हैं लेकिन सरकार के द्वारा अब तक उनकी मांगो का कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। इसके उलट सरकार ने 20 दिसम्बर को बेरोजगारों के अहित में शासनादेश जारी कर बेरोजगार फार्मासिस्टों का भविष्य अंधकारमय बना दिया है।
इस मामले में कांग्रेस पार्टी ने बेरोजगार महासंघ के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया है कि उनकी मांगो को कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा साथ ही कांग्रेस की सरकार बनने की स्थिति में छह माह के भीतर बेरोजगार महासंघ की मांगो पर सकारात्मक कारवाई की जाएगी।





















