रूद्रपुर – गोवर्धन मठपुरी के जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज पहली बार तीन दिवसीय दौरे पर 30 नवम्बर को रूद्रपुर पधार रहे हैं। जगतगुरू शंकराचार्य जी तीन दिनों तक रूद्रपुर में प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह श्रद्धालुओं को दर्शन दीक्षा देने के साथ ही उनके साथ संवाद भी करेंगे। उनके स्वागत को भव्य और दिव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है। रूद्रा होटल में शहर के प्रबुद्धजनों की आयोजित एक बैठक में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए अलग अलग जिम्मेवारियां सौंपी गयी।
बता दें जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज का 27 नवम्बर से 7 दिसम्बर तक उत्तराखंड प्रवास का कार्यक्रम हैं। जिसके तहत वे तीन दिनों तक रूद्रपुर में भी प्रवास करेंगे। 30 नवम्बर को जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज को नैनीताल से रूद्रपुर लाने के लिए वाहनों का एक काफिला रूद्रपुर से नैनीताल रवाना होगा। शाम सवा तीन बजे नैनीताल से जगतगुरु श्ंकराचार्य जी का काफिला रूद्रपुर के लिए प्रस्थान करेगा। शाम छह बजे शंकराचार्य जी यहां गावा चौक के पास हरी चन्द्र मिड्डा एवं बाल किशन मिड्डा के निवास पर प्रवास के लिए पहुंचेंगे। यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जायेगा।
अगले दिन 1 दिसम्बर को जगतगुरू शकराचार्य जी के सानिध्य में सुबह 11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक दर्शन दीक्षा समारोह आयोजित होगा। अगले दिन 2 दिसम्बर को भी 11.30 से 1.30 बजे तक दर्शन दीक्षा समारोह का आयोजन होगा। 2 दिसम्बर को सांय 4 से 6 बजे तक होटल रूद्रा कांटीनेंटल में नाम सभा एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें जगतगुरू शंकराचार्य जी शहर के प्रबुद्धजनों के साथ संवाद करेंगे।
जगतगुरू शंकराचार्य जी के भव्य स्वागत एवं उनके कार्यक्रम को दिव्य और भव्य बनाने के लिए जोरदार तैयारियां की जा रही है। आयोजन के सिलसिले में शहर के प्रबुद्धजनों की एक बैठक होटल रूद्रा कांटीनेंटल में आयोजित हुई जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए सभी को अलग अलग जिम्मेवारियां सौंपी गयी।
बैठक में डाल चन्द्र, रमेश मिड्डा, शिव कुमार अग्रवाल, राजकुमार ठुकराल, अर्जुन गुप्ता, भारत भूषण चुघ, गौतम रूंगटा, प्रदीप बंसल, अशोक बंसल, वेद ठुकाल, कृष्ण मित्तल, महेश बब्बर, सुरेश परिहार, जे.बी सिंह, बाल किशन मिड्डा, अशोक अदलखा आदि लोग मौजूद थे।





















