

– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – नजूल भूमि पर निवासरत निवासियों की वर्षों पुरानी मांग को प्रदेश के यशस्वी ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मालिकाना हक से लाभान्वित करने हेतु कैबिनेट के माध्यम से नजूल नीति का प्रस्ताव पारित करने पर रम्पुरा में पार्षद प्रतिनिधि धर्म सिंह कोली, पार्षद प्रतिनिधि राम किशन कोली, नामित पार्षद राजकुमार कोली, मंडल अध्यक्ष सुशील यादव व राकेश सिंह द्वारा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा का जोरदार स्वागत किया गया।
साथ ही अभिनंदन कार्यक्रम के माध्यम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत का आभार व्यक्त कर संपूर्ण सरकार व शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर केंद्र की मोदी सरकार व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओ व पार्टी की रीति – नीति से प्रभावित होकर दर्जनों युवाओ ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
नजूल पर मालिकाना हक का प्रस्ताव कैबिनेट में पास होने पर रम्पुरा के लोगों ने भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा का आभार जताते हुए उनका जोरदार स्वागत किया।
शिव अरोरा ने अपने संबोधन में पूर्व पालिकाध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय सुभाष चतुर्वेदी का स्मरण करते हुए कहा कि सुभाष चतुर्वेदी के कारण ही आज नजूल का रास्ता हल होने की तरफ है। यदि वह रम्पुरा की धरती से इस आवाज को न उठाते तो आज कैबिनेट में प्रस्ताव भी पारित न होता।
उन्होंने रम्पुरा के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि लोगों की वर्षो पुरानी मांग का स्थाई हल निकालने के लिए सरकार ने कैबिनेट में प्रस्ताव पास किया और अब जल्द ही अध्यादेश और नीति लाकर भूमि पर मालिकाना हक दिया जाएगा। शिव अरोरा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी आभार जताया, जिन्होंने इस मामले से सरकार को रूबरू कराने का काम किया। अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर से उठी इस आवाज का प्रदेश भर में लोगों को फायदा मिलेगा। शिव अरोरा ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प को पूरा करने का काम किया है। साफ हो गया है कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को समझ आना चाहिए कि वह अपनी सरकार रहते 5 साल जो नहीं कर सके, वह भाजपा सरकार ने कर दिखाया। उन्होंने इसे लोगों के संघर्ष की जीत बताया। भाजपा 2022 में फिर प्रदेश में अपना परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विकास की सोच और नीतियां ही जीत का आधार बनेंगी।





















