– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – ”प्रदेश सरकार ने गरीबों की भावनाओं का सम्मान करते हुए नजूल पर मालिकाना हक को लेकर जो कदम उठाया है, वह सरहानीय है। इसके लिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते है।”
यह बात भाजपा के जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने सिटी क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। शिव अरोरा ने राज्य सरकार द्वारा नजूल भूमि के मुद्दे के निराकरण के लिए कैबिनेट में प्रस्ताव पारित किया है। इसी जवलंत मुद्दे को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने पत्रकार वार्ता बुलाई थी।
शिव अरोरा ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस को आईना दिखाने का काम किया है। साथ ही उनहोंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया। जिन्होंने इस मामले को विधानसभा तक ले जाने में अहम भूमिका निभाई।
अरोरा ने कहा कि नजूल का मामला कैबिनेट में पास हो जाने से साफ हो गया है कि भाजपा ही गरीबों की हितेषी है और इसकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। वह इस कराने के लिये पिछले काफी समय से सरकार के संपर्क में थे और लगातार इस मुद्दे को सुलझाने के लिए अपनी बात रख रहे थे। नगर निगम चुनाव के दौरान भी उन्होंने यह मामला मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के सामने रखा था औऱ इसके बाद सरकार की ओर से बनाई गई कमेटी में भी उन्होंने अपने सुझाव गरीबों के हित में रखे थे।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भरोसा दिलाया था कि जल्द ही इस पर नीति बनाई जाएगी। मामला रुद्रपुर के हजारों परिवारों से जुड़ा था तो सरकार ने भी बड़ा दिल दिखाते हुए यह मामला कैबिनेट में रखा और इसके पास कराया।
उन्होंने कहा कि श्रेय वालों की लाइन चाहे कितनी ही लंबी क्यों न हो, लेकिन सबसे बड़ी सरकार और उनकी पार्टी है, जिसने गरीबों के दर्द को समझा। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले में नीति लाकर गरीबों के पक्ष में फैसला सुना दिया जाएगा। अरोरा ने कहा कि उनकी इस संबंध मे मुख्यमंत्री बनने के बाद पुष्कर सिंह धामी से लगातार बातचीत हो रही थी। उन्होंने जल्द ही इसके समाधान का भरोसा भी दिलाया था। पुष्कर सिंह धामी ने अपना फर्ज निभाते हुए कैबिनेट में प्रस्ताव पास कराया और आखिरकार गरीबों को उनका हक मिलने का रास्ता साफ हो गया।
शिव अरोरा का कहना था कि यह किसी की निजी नहीं, बल्कि नजूल पर बसे उन हजारों परिवारों की जीत है जो वर्षों से मालिकाना हक के लिए संघर्ष कर रहे थे। अरोरा ने कहा कि जिला अध्यक्ष होने के नाते उन्हें इस बात की खुशी है कि हजारों गरीब परिवारों को मालिकाना हक की राह आसान हुई। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ माहौल बनाने वाले जान लें कि अब उनकी दाल गलने वाली नहीं है। प्रेस वार्ता में उनके साथ जिला मीडिया प्रभारी ललित मिगलानी उत्तरी मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह दक्षिण मंडल अध्यक्ष सुशील यादव महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शैली कुटेला जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र श्रीधरभी उपस्थित थे।





















