– अज़हर मलिकबाजपुर – तहसील क्षेत्र के 20 गांव की 5838 एकड़ भूमि पर बसे किसानों को उनकी जमीनों का मालिकाना हक दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन करने वाले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बार एसोसिएशन ने सम्मानित किया।
बता दें कि बाजपुर के भूमि प्रकरण मामले को लेकर समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा भगत सिंह चौक पर लंबे समय तक आंदोलन किया गया था। 20 गांव की भूमि की खरीद-फरोख्त पर लगी रोक हटने के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवराज राणा और सचिव विजय गर्ग नगर पालिका कांपलेक्स में स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पहुंचे। जहां बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवराज सिंह राणा ने समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद यादव और उनके सहयोगियों को सम्मानित किया।
इस दौरान शिवराज सिंह राणा ने कहा कि बाजपुर का भूमि प्रकरण मामला बेहद गंभीर मुद्दा बन चुका था जिसे हल कराने के लिए अरविंद यादव ने आत्मदाह की भी चेतावनी दी थी। वहीं समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद यादव ने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर समय-समय पर आवाज बुलंद करने की बात कही।





















