
– विक्की रस्तोगी
नोएडा – नोएडा के सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट मामले में योगी सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसकी जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंप दी है। अवस्थापना एंव औधोगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) संजीव मित्तल की अध्यक्षता में चार सदस्यीय एसआईटी इसकी जांच करेगी।
एसआईटी वर्ष 2004 से 2017 तक इस प्रकरण से जुड़े रहे नोएडा के अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी को एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है। सीएम ने कहा, जिम्मेदार अफसरों के विरुद्ध आपराधिक कार्यवाही भी की जाएगी। इसकी भी जांच की जाए कि इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले के बाद सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का फैसला किस स्तर पर हुआ ? इसकी पैरवी कौन कर रहा था ? किन किन स्तर पर गड़बड़ियां की गई ? कोर्ट में प्रोजेक्ट का बचाव कौन कर रहा था।





















