
रूद्रपुर – तीन सितम्बर से प्रस्तावित कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को लेकर आज उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन एवं पूर्व एमएलसी पृथ्वीपाल चौहान और कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने जसपुर, काशीपुर, बाजपुर एवं गदरपुर में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर परिवर्तन यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए पृथ्वी पाल चौहान ने कहा कि सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाने के लिए परिवर्तन यात्रा पूरे प्रदेश में निकाली जा रही है। तीन सितम्बर को प्रातः दस बजे खटीमा में शहीद स्मारक से इस यात्रा का आगाज होगा। परिवर्तन यात्रा के तहत जगह जगह रैलियां और जनसभाएं आयोजित कर भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच रखा जाएगा और जनता से जनविरोधी सरकार को उखाड़ फैंकने की अपील की जायेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। इस सरकार ने महंगाई और बेरोजगारी के सिवा जनता को कुछ नहीं दिया है। आज आम आदमी को जीवन यापन करना मुश्किल पड़ता जा रहा है। बेरोजगार युवा अपराध या फिर आत्म हत्या करने को मजबूर हो रहा है। जनता इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए तैयार बैठी है। अब प्रदेश की जनता भाजपा के बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा के साथ जिले में कांग्रेस का प्रचार अभियान जोर पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा को जिले में ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता अपनी जिम्मेवारी का एकजुटता के साथ निर्वहन करें। परिवर्तन यात्रा के साथ ही जिले में चुनाव की तैयारियों का भी आगाज होगा।
कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने बताया कि 3 सितम्बर को प्रातः दस बजे परिवर्तन यात्रा खटीमा में शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलन को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ शुरू होगी। इसके बाद नानकमत्ता सितारगंज, किच्छा, लालकुंआ, हल्द्वानी, कालाढुंगी, रामनगर, जसपुर काशीपुर, बाजपुर गदरपुर, होते हुए 6 सितम्बर को रूद्रपुर पहुंचकर सम्पन्न होगी।
उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा जिन स्थानों से गुजरेगी वहां कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया जायेगा। इस दौरन जगह जगह रैलियां और जनसभायें भी आयोजित होंगी। जिलाध्यक्ष गावा ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। जनता में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश है । आगामी विधानसभा में प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।





















