
बाजपुर – नगर पालिका में कार्यरत दैनिक वेतन कर्मचारियों ने मांग पूरी न होने पर काले फीते बांधकर बैठक की। इस दौरान कर्मचारियों ने दैनिक वेतन कर्मचारी को स्थाई कर्मचारी बनाने की प्रदेश सरकार से मांग की और साथ ही मांग पूरी न होने पर दो कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार को आत्मदाह की चेतावनी दी।
बता दें कि बाजपुर नगर पालिका में 32 वर्षों से कर्मचारी दैनिक वेतन पर काम कर रहे हैं। दैनिक वेतन कर्मचारियों द्वारा लंबे समय से प्रदेश सरकार से स्थाई कर्मचारी बनाए जाने की मांग की जा रही है। मांग पूरी ना होने पर दैनिक वेतन कर्मचारियों ने 20 जुलाई से 31 जुलाई तक काले फीते बांधकर कार्य करने और 1 अगस्त से 9 अगस्त तक काम बंद हड़ताल के साथ साथ सीताराम तिवारी ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी।
मांग पूरी ना होने पर दैनिक वेतन कर्मचारियों ने काले फीते बांधकर बैठक की और सरकार पर कर्मचारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। इस दौरान नगर पालिका में कार्यरत दैनिक वेतन कर्मचारी नंदकिशोर सागर ने सीताराम तिवारी को अपना समर्थन देते हुए 10 अगस्त को आत्मदाह करने की बात कही।
वही नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह ने कहा कि पालिका प्रशासन कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ा है। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन द्वारा सीताराम तिवारी और नंदकशोर सागर को आत्मदाह करने से रोकने के लिए प्रयास किया जा रहा है, जिसके लिए जल्द ही एक बैठक की जाएगी।
वही नगर पालिका में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की काम बंद हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। जहां सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका में धरना प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बता दें कि बाजपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारी एकत्र हुए जहां सफाई कर्मचारियों ने प्रदेश स्तरीय सफाई कर्मचारी संघ के आह्वान पर ठेका प्रथा को समाप्त करने समेत 11 सूत्रीय मांगे पूरी ना होने पर प्रदेश सरकार के खिलाफ दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रखा।





















