– अज़हर मलिकबाजपुर – समाजवादी पार्टी के यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के साथ ही उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकार किसान विरोधी है। अब आगामी विधानसभा चुनाव में इन्हे सबक सीखा कर इन्हे सत्ता से बेदखल करना होगा।
उन्होंने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड राज्य में भी समाजवादी पार्टी अपने दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
बता दें कि समाजवादी पार्टी के यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह बाजपुर के नैनीताल रोड स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर पहुंचे थे। जहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने पत्रकार वार्ता आयोजित की।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने और जनता के मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। बाजपुर के 20 गांव की 5838 एकड़ भूमि के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इस मामले पर जरा भी गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों को अनसुना कर रही है, तो वहीं प्रदेश की भाजपा सरकार बाजपुर के 20 गांव की भूमि का किसानों को मालिकाना हक नहीं दे रही है। जिससे प्रतीत होता है कि भाजपा सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है।
इस दौरान सिद्धार्थ सिंह ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार ने किसानों को उजाड़ने का प्रयास किया तो किसान भाजपा से उनकी गद्दी छीन लेंगे।





















