
– अजहर मलिकबाजपुर – कृषि कानून के विरोध में गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन को और मजबूती देने के लिए बाजपुर से सैकड़ों की संख्या में किसान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा और संयुक्त किसान मोर्चा के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा के नेतृत्व में गाजीपुर रवाना हुए।
बता दें कि कृषि कानून के विरोध में किसान गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। किसान आंदोलन को और मजबूती देने के लिए किसानों का आंदोलन स्थल पर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बाजपुर के गुरुद्वारा सिंह सभा में सैकड़ों की संख्या में किसान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा ओर संयुक्त किसान मोर्चा के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा के नेतृत्व में एकत्र हुए। जहां कर्म सिंह पड्डा ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान कर्म सिंह पड्डा ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार किसानों को उनका हक नहीं दे देती तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही सरकार किसानों पर गोलियां चलवा दे लेकिन किसान अपने आंदोलन को खत्म नहीं करेंगे। वही जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि जब तक केंद्र की तानाशाह सरकार कृषि कानूनों को खत्म नहीं करेगी तब तक किसानों का कृषि कानून के विरोध में आंदोलन जारी रहेगा।





















