
काशीपुर – उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर में डीएम द्वारा जारी लॉकडाउन की नई गाइडलाइन के अनुपालन को लेकर पुलिस एक्शन मोड में दिखाई दे रही है, तीन मई तक ये नई गाइडलाइन जारी रहेगी। जिसमें 12 बजे से पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है, साथ ही 12 बजे से पहले आवश्यक सेवाओं की दुकानें ही खुली रखने के आदेश दिये गये हैं। जिसके चलते पुलिस ने 12 बजे बाद बाजार में निकल कर कई दुकानदारों को हिदायत देकर छोड़ दिया। तो कुछ दुकानदारों का चालान भी किया गया।
वहीं अनावश्यक आवाजाही करने वाले लोगों के भी चालान किये गये। सीओ सिटी ने बाजार की पूरी कमान को सम्भालते हुए बाजार बंद कराया। साथ ही नई गाइडलाइन के अनुपालन की हिदायत दी। जबकि इस मौके पर कई जगहों पर पुलिस और दुकानदारों के बीच तीखी झड़प भी देखी गयी, जिससे बाजार का माहौल काफी गर्माने लगा। लेकिन पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत करते हुए चालान की कार्यवाही कर दुकानों को बंद करने के निर्देश दिये।





















