
– अज़हर मलिक
बाजपुर – नगर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने को लेकर पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए बाजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए बाजपुर वेलफेयर फंड समिति का निर्माण किया गया।
बता दें कि बाजपुर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। जिसकी और स्वास्थ्य विभाग जरा भी ध्यान नहीं दे रहा है। यही कारण है कि बाजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाएं न होने से कोरोना संक्रमित मरीजों को रुद्रपुर, हल्द्वानी सहित बड़े शहरों में इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
वहीं स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने को लेकर बाजपुर नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजपुर वेलफेयर फंड समिति का गठन किया गया। बाजपुर वेलफेयर फंड के लिए समिति के सदस्यों द्वारा क्षेत्र के लोगों से पैसा एकत्र किया जाएगा और धनराशि एकत्र होने के बाद बाजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन की पाइप लाइन सहित अन्य जरूरी उपकरण खरीदे जाएंगे। इस दौरान पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह ने कहा कि सभी लोगों को दलगत राजनीति से उठकर कोरोना संक्रमण के दौर में एकजुट होकर आगे आने की जरूरत है जिससे क्षेत्र के लोगों को कोरोनावायरस जैसी बीमारी के प्रकोप से बचाया जा सके।





















