
हल्द्वानी – भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री बच्ची सिंह रावत के निधन के बाद आज उनका पार्थिव शरीर को हल्द्वानी उनके आवास पर लाया गया। जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए भाजपा कार्यालय में रखा गया, जहां मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। साथ ही भाजपा का ध्वज लपेटकर उन्हें श्रद्धांजलि दी, साथ ही उनके साथ बिताई गयी यादों को साझा किया।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि उनके निधन से भाजपा के साथ ही पूरे प्रदेश को एक बड़ी क्षति हुई है जिसकी भरपाई होना नामुमकिन है, उन्होंने लंबे समय तक बच्ची सिंह रावत के साथ काम किया है,जब बच्ची सिंह रावत प्रदेश अध्यक्ष थे. तब वो खुद महामंत्री थे। उन्होंने बताया कि बच्ची सिंह रावत आम जन सामान्य के साथ कैसे अपने आप को जोड़ते हैं। यह उनसे ही सीखने को मिला,उनका सरल सुगम और मृद स्वभाव ही था कि वो सबके साथ जुड़ जाते थे। भले ही आज वह हम सबके बीच में नहीं हैं, लेकिन उनकी याद हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेगी।





















