

– अज़हर मलिक
काशीपुर – व्यापार में घाटा हुआ तो बेची हुई गाड़ी को ही चुराने का मन बना लिया, दो दोस्तों ने इसकी पुरी कहानी रच डाली और फिर ऐसी घटना को अंजाम दिया कि पुलिस के भी पसीने छूट गये। जी हां काशीपुर के कुंडा थाना क्षेत्र में विवाह समारोह के दौरान अचानक जब एक स्कार्पियो कार चोरी होने की वारदात घटी तो सनसनी फैल गयी।
इस वारदात की तत्काल पुलिस को सूचना दी गई ,जिसके बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गयी, वहीं पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना पर की ठिकानों पर दबिश देकर सुल्तानपुर पट्टी के पास चोरी की गयी कार को बरामद कर लिया और तीन आरोपियों को चोरी के वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस तब हैरान रह गई कि जब पुलिस को आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि यह कार इनके द्वारा ही बेचीं गई थी। पुलिस ने बताया कि तीनों ने मिलकर चोरी की साजिश रची थी और पूर्व में बेची हुई कार को ही चुराकर पिर से बेचकर पैसा कमाने का षडयंत्र रच रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने चोरों के मंसूबों पर पानी फेर लिया और चोरी के वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया, तीनों आरोपियों को सम्बन्धित धारा में हिरासत में लेते हुए कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।





















