

रुद्रपुर – अगर मन में कुछ करने का ज़ज़्बा हो तो इंसान कोई भी काम आसानी से कर सकता है,ऐसा ही एक कारनामा 15 वर्षीय ग्यारवी के छात्र ने कर दिखाया है। उसने एक मिनट अठावन सेकिंड में संयुक्त राष्ट्र संघ में सूचीवद्ध सभी देशो के नाम बताकर अपना नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करवा लिया है।

यह छात्र है रुद्रपुर के रम्पुरा का रहने वाला 15 साल का अभिषेक चंद्रा। यह आदित्यनाथ झा इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र हैं। इसकी कहानी भी काफी मार्मिक है, गरीब बस्ती का रहने यह प्रतिभावान छात्र अपनी ट्यूशन का खर्च चलाने के लिये सुबह उठ कर अखबार बांटता है। इसके पिता राज कुमार चंद्र गांधी पार्क के पास मूँगफली का ठेला लगा कर परिवार की जीविका चलाते है। लेकिन उनके पुत्र अभिषेक ने ठान लिया था कि वो गुदड़ी में छुपा लाल है और अपनी प्रतिभा के बल पर देश का नाम रोशन करेगा।

उसने बहुत कम समय में अपने सामान्य ज्ञान को बढ़ाना शुरू किया और देश विदेश की जानकारी को याद करना शुरू किया। धीरे धीरे उसे इसमें महारत हासिल हो गई,तो उसने इसे आज़माने की सोची। अभिषेक ने इंटरनेशनल बुक ऑफ़ रिकॉर्ड में अपना दावा पेश करने के लिए फॉर्म भरा और व्हाट्सअप के माध्यम से अपनी बनाई विडिओ इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड को भेज दिया। फिर उसके चयन की प्रक्रिया शुरू हुई।
एक नहीं बल्कि उसे इसके लिए चार चरणों की चयन प्रक्रिया से गुज़रना पड़ा। अभिषेक को वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंट के खिताब से नवाज़ा गया है। उनकी वीडियो को संस्था ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट और यू ट्यूब पर भी अपलोड किया है। इंटरनेशनल बुक ऑफ़ रिकॉर्ड ने अभिषेक चंद्रा को एक प्रमाण-पत्र और मैडल भेज कर सम्मानित किया है।
आप को बता दे कि प्रतिभाशाली अभिषेक चंद्रा ने हाई स्कूल में 89.4 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा की शुरुआत की थी। उसका सपना भविष्य में इंजीनियर बन कर देश के लिए कुछ अलग करने का है। उसकी ऊँची उड़ान में उसकी निर्धनता सामने आ रही है। लेकिन इसके बाद भी वो अपना मुकाम हासिल करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है।
एक तरफ युवा दिनभर इंटरनेट पर फ़िज़ूल की चीज़े देख कर अपन समय बर्बाद करते है,ऐसे में अभिषेक उनके लिए एक उदहारण है,जिसने इंटरनेट का सही उपयोग कर जिले नगर और देश का नाम रोशन किया है। ऐसी प्रतिभा को।‘इंडिया नज़र’ का सलाम।





















