
रुद्रपुर – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में तेज़ी से निर्मित हो रहे पंडित राम सुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज 2022 में मेडिकल का पहला बैच शुरू होगा। जिसमे मेडिकल के छात्र शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।
यह बात स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल जी की 105 वी जयंती समारोह कार्यक्रम में किच्छा क्षेत्र के विधायक राजेश शुक्ला ने कही और कहा कि इस मेडिकल कॉलेज के शुरु होने से निकटवर्ती क्षेत्र के लोगो को आधुनिक सुविधाये प्राप्त हो सकेंगी।
तराई को आबाद करने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पं0 रामसुमेर शुक्ल जी के 105वी जयंती है। उनकी स्मृति में रुद्रपुर दीनदयाल उपाध्याय चौक पर प्रतिमा स्थापित है। उनकी जयंती के अवसर पर विधायक राजेश शुक्ला, जिला अध्यक्ष शिव अरोरा, मेयर रामपाल व ब्लाक प्रमुख ममता जल्होत्रा सहित सैकड़ों लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
आप को बता दे कि प्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित रामसुमेर शुक्ल जी का जन्म ग्राम भेड़ी तहसील रुद्रपुर जिला देवरिया तत्कालीन जिला गोरखपुर उत्तर प्रदेश में 28 नवंबर 1915 को हुआ था। उन्होंने छात्र जीवन से ही नेतृत्व की क्षमता ने उन्हें एक अलग पहचान दी। स्व0 शुक्ल 1936 में लाहौर अधिवेशन में मात्र 21 वर्ष की आयु में जिन्ना के द्वीराष्ट्रवाद का खुले मंच से विरोध किया था व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी। नैनी जेल इलाहाबाद व फतेहगढ़ जेल में हुए नजर बंदी कैदी के रूप में अनेक घोर यातनाएं सही। पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी द्वारा तराई को आबाद करने की जिम्मेदारी स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल जी के नेतृत्व में गठित 3 सदस्य टीम को सौंपी गई, स्वर्गीय शुक्ल ने अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए तराई को आबाद किया। आज जो रुद्रपुर का विकसित स्वरूप दिख रहा है इसकी नींव 1956 में स्वर्गीय शुक्ल जी ने रखी थी। स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल जी ने आमजन की समस्याओं को हल करने के लिए राष्ट्रीय व प्रांतीय स्तर पर आजीवन संघर्ष किया था, निरंतर संघर्षरत रहने के कारण उनका स्वास्थ्य खराब हो गया और 4 दिसंबर 1978 को 63 वर्ष की आयु में रुद्रपुर उधमसिंहनगर में उनका देहांत हुआ। वर्तमान पीढ़ी के युवाओं को स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल जी द्वारा की गई समाज सेवा और योगदान से प्रेरित होकर समाज सेवा करनी चाहिए।

विधायक राजेश शुक्ला ने भारत सरकार के स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री अश्वनी चौबे व प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जी द्वारा निर्माणाधीन स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए बजट जारी करने पर आभार जताया और कहा कि तराई क्षेत्र के लोगो के लिए पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज संजीवनी का कार्य करेगा।





















