– बोले विवेक दीप सिंह, ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई में साथ ही नहीं, एक कदम आगे खड़ा रहूंगा
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा, उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह ने गोकुलनगर, राघव नगर और महाराजपुर में आयोजित श्री रामलीला के छठे दिन के मंचन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने रामलीला समितियों के पदाधिकारियों, कलाकारों और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राघव नगर में 60 वर्ष और महाराजपुर में 53 वर्षों से चली आ रही रामलीला की परंपरा को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया।
गोकुलनगर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विवेक दीप सिंह ने भूमि स्वामित्व की अनिश्चितता तथा मकान खाली करने और ध्वस्तीकरण के नोटिसों की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वर्षों से यहां रह रहे परिवार अपने घर और भविष्य को लेकर असमंजस में हैं। यह केवल जमीन का मामला नहीं, बल्कि लोगों के सम्मान, सुरक्षा और जीवनभर की मेहनत से बनाए गए आशियानों से जुड़ा प्रश्न है।

विवेक दीप सिंह ने कहा कि वह इस समस्या को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और शासन स्तर पर स्थायी समाधान के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, “मुझे जनप्रतिनिधित्व का अवसर मिले या न मिले, परिस्थितियां कैसी भी हों, गोकुलनगर, तुरका गौरी, प्राग फार्म सहित पूरे किच्छा-पंतनगर क्षेत्र में ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ ही नहीं, बल्कि एक कदम आगे खड़ा रहूंगा। आपका संघर्ष मेरा संघर्ष है और समस्या का स्थायी समाधान ही मेरा संकल्प है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा का वास्तविक अर्थ जनता की गंभीर समस्याओं का समाधान करना है, न कि केवल आश्वासन देना। प्रभु श्रीराम के जीवन से सत्य, न्याय और लोककल्याण की प्रेरणा लेने की बात कहते हुए उन्होंने ग्रामीणों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

















