
– राम बरात का पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत, माता सीता की विदाई के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर
– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – रुद्रपुर में मुख्य रामलीला कमेटी (रजि.) की ओर से निकाली गई श्रीराम बरात का विधायक शिव अरोरा के एलाइंस कॉलोनी स्थित आवास पर भव्य स्वागत किया गया। विधायक आवास को जनकपुरी की तर्ज पर सजाया गया था। यहां विधायक शिव अरोरा ने घराती की भूमिका निभाते हुए बरातियों और अतिथियों का फूल-मालाओं एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान विधि-विधान के साथ श्रीराम-सीता विवाह का प्रसंग संपन्न हुआ।
राम बरात बस स्टैंड से प्रारंभ होकर डीडी चौक, मुख्य बाजार, पांच मंदिर, गल्ला मंडी और गाबा चौक होते हुए विधायक आवास पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बरात का स्वागत किया। विधायक आवास पर प्रभु श्रीराम और माता सीता के वरमाला पहनाने के प्रसंग के दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

विवाह के बाद माता सीता की विदाई का प्रसंग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान विधायक शिव अरोरा भावुक नजर आए और उपस्थित श्रद्धालु भी भावविभोर हो उठे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रभु श्रीराम की बरात का स्वागत करने और विवाह उत्सव में सहभागी बनने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और आदर्श पारिवारिक मूल्यों की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में रामलीला कमेटी से पवन अग्रवाल, सुशील गाबा, अमित गंभीर, पंजाबी महासभा कुमाऊं के अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, राजेश डाबर, राजकुमार चौधरी, उपेंद्र चौधरी, दर्जा मंत्री सुरेश कोली, प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, विपिन जल्होत्रा, मनोज गाबा, गौरव बेहड़, केवल बत्रा, रवि सिडाना, रोनिक नारंग और विक्की घई सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

















