– जनकपुरी की तर्ज पर सजाया जाएगा आवास, घराती बनकर करेंगे श्रीराम-सीता विवाह की रस्में; श्रद्धालुओं के लिए भोजन की भी व्यवस्था
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – प्रभु श्रीराम की भव्य दिव्य बारात के स्वागत को लेकर रुद्रपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। विधायक शिव अरोरा 11 अक्टूबर को अपने निज आवास पर घराती बनकर श्रीराम की बारात का स्वागत करेंगे। इसको लेकर उन्होंने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी साझा की और शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि 11 अक्टूबर को श्रीराम की बारात बस स्टैंड स्थित रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर पांच मंदिर होते हुए सी-22, एलाइंस कॉलोनी स्थित उनके आवास पर पहुंचेगी। शाम पांच बजे बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए विधायक आवास को जनकपुरी की तर्ज पर सजाया जाएगा। यहां भक्तिमय माहौल में श्रीराम-सीता विवाह की रस्में संपन्न होंगी, जिसके बाद माता सीता की विदाई की जाएगी।

शिव अरोरा ने कहा कि प्रभु श्रीराम की बारात के स्वागत का अवसर मिलना उनके लिए भावुक और गौरव का क्षण है। वर्ष 2021 में भी उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के प्रति आस्था और समर्पण व्यक्त करने का अवसर है। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होंगे। श्रद्धालुओं के लिए भोजन और व्रत रखने वालों के लिए अलग से फलाहार की व्यवस्था भी की जाएगी।
विधायक ने रुद्रपुर रामलीला कमेटी का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों और धर्मप्रेमियों से श्रीराम-सीता विवाह के इस पावन अवसर पर शामिल होने की अपील की।
प्रेस वार्ता के दौरान दर्जामंत्री सुरेश कोली, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, पंजाबी महासभा कुमाऊं अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, पूर्व मंडी चेयरमैन केके दास, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, राजेश कामरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

















