
– इंडिया नज़र ब्यूरो, किच्छा – विधायक तिलक राज बेहड़ के कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विधायक समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सरल जीवन और दृढ़ नेतृत्व से देश के सामने आदर्श प्रस्तुत किया। शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश के जवानों और किसानों के योगदान के महत्व को रेखांकित करता है।

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जिस भारत को हमें सौंपा है, उसकी एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश में रहने वाले सभी धर्मों और समुदायों के लोगों की राष्ट्र के प्रति समान जिम्मेदारी है। ऐसे में आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हुए महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि आने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक त्योहारों को भी सभी लोग आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं तथा एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होकर सामाजिक एकता की मिसाल कायम करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्रहित, क्षेत्र का विकास और सामाजिक सौहार्द सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, राजेश प्रताप सिंह, सईदुल रहमान, मेजर सिंह, दलजीत खुराना, रहीश अहमद, अरुण तनेजा, बंटी पपनेजा, ओमप्रकाश दुआ, छोटेलाल कोली, अफसार कुरैशी, फजील खान, फरीद बावा शाह, दलजीत कक्कड़, इम्तियाज मलिक, सुखविंदर सिंह, कर्मजीत सिंह सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















