– चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने तथा भारी बारिश के चलते उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों से निपटने को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। एसएसपी अजय गणपति ने वायरलेस सेट के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्र संघ चुनाव से जुड़ी सभी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रभावी गश्त सुनिश्चित की जाए। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, अव्यवस्था अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करे।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
भारी बारिश के मद्देनजर एसएसपी अजय गणपति ने जलभराव की आशंका वाले निचले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और ऐसे मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, जहां बारिश के कारण आवागमन प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने थाना प्रभारियों को स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा। कहीं जलभराव, सड़क बाधित होने अथवा आमजन के लिए आपात स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सुरक्षा एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति में यातायात को सुचारू रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि छात्र संघ चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही बारिश से उत्पन्न होने वाली किसी भी संभावित स्थिति को लेकर पहले से सतर्क रहते हुए त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित किया जाए।

















