– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के विधायक कार्यालय पर जनता दर्शन एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विधायक ने बिजली, पानी, सड़क, नाली, सफाई और जलभराव सहित विभिन्न समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री राहत कोष से कन्या विवाह, गंभीर बीमारी के उपचार और आकस्मिक मृत्यु के बाद मृतक आश्रित परिवारों की सहायता के लिए 160 लाभार्थियों को कुल 31 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि बीमारी, बेटी के विवाह या परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु जैसी कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना जनप्रतिनिधि का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री राहत कोष की सहायता से कई परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल मिला है और जनसेवा का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, भाजपा नेता वेद ठुकराल, बिट्टू चौहान, मयंक कक्कड़, मनोज मदान, रवि दिवाकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



















