– विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता मनाएंगे जन्मदिन, हवन-यज्ञ, लेबर किट, कंबल-फल वितरण और रक्तदान शिविर का होगा आयोजन
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में सेवा, समर्पण और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के जन्मदिन को उत्सव के साथ-साथ सेवा दिवस के रूप में मनाएंगे। इस दौरान जरूरतमंदों की सहायता के साथ सामाजिक सहभागिता से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 9 बजे पंच मंदिर, रुद्रपुर में हवन-यज्ञ के साथ होगी। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सफल कार्यकाल की कामना को लेकर हवन-यज्ञ किया जाएगा।

इसके बाद सुबह 11 बजे बगवाड़ा मंडी में श्रम कार्ड धारकों को लेबर किट का वितरण किया जाएगा। इसके माध्यम से श्रमिक वर्ग को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उनके साथ सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत किया जाएगा। इसके उपरांत दोपहर 1 बजे कुष्ठ आश्रम में जरूरतमंद लोगों को कंबल एवं फल वितरित किए जाएंगे। वहीं, दोपहर 2 बजे मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही क्षेत्रवासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस सेवा अभियान में सहभागी बनने की अपील की है। कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन शाम 6:15 बजे वेव सिनेमा, मेट्रोपोलिस मॉल में आयोजित कार्यक्रम के साथ होगा। यहां नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित ‘हनुमान अंश’ फिल्म के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचने और सेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, सहयोग और समर्पण का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफल नेतृत्व की कामना की।
विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि “सेवा ही संकल्प और समर्पण” की भावना के साथ मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी इन सेवा कार्यों में सहभागी बनने की अपील की।



















