– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के मुख्य चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ ने फीता काटकर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यालय शुभारंभ के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने जिस व्यक्ति को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है, वह जनता के बीच सर्वमान्य नहीं है। इसके विपरीत कांग्रेस ने सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलने की भावना के साथ राजेश प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी को समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और प्रत्याशी के पक्ष में जनता से संवाद करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को प्राथमिकता देते हुए बड़ा दिल दिखाया है। वैश्य समाज के नेता स्वर्गीय सुरेश अग्रवाल के पुत्र के समर्थन में पार्टी ने अपना सिंबल वापस लेकर राजेश प्रताप सिंह को समर्थन देने का निर्णय लिया। उन्होंने इसे कांग्रेस की एकजुटता और सामाजिक सद्भाव की मिसाल बताया। बेहड़ ने कहा कि किच्छा की जनता विकास, भाईचारे और सर्वसमाज को साथ लेकर चलने वाली राजनीति चाहती है और कांग्रेस इस भावना को मजबूत करने के लिए चुनाव मैदान में है।
कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर पार्टी नेतृत्व, विधायकों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चुनाव उनके लिए केवल राजनीतिक जीत का माध्यम नहीं, बल्कि किच्छा की जनता की सेवा का अवसर है।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में अपना आशीर्वाद देती है तो वह 24 घंटे जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। नगर के विकास और आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।

राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि उन्हें जनता से केवल सहयोग और आशीर्वाद की आवश्यकता है। जनता यदि उन्हें अपना समर्थन देती है तो नगर के विकास की जिम्मेदारी वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आगामी नगर निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।
चुनाव कार्यालय के शुभारंभ कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष भूपेंदर चौधरी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता रईस अहमद, निशान शाही, गुरदास कालड़ा, नितिन शर्मा, रमेश तिवारी गुड्डू, मोहन खेड़ा, दानिश मलिक, नगर अध्यक्ष बबलू चौधरी, ओमप्रकाश दुआ, दलेर सिंह, अशोक मित्रा, नारायण सिंह बिष्ट, सुमित्रा भुल्लर, गुड्डू तिवारी, गुलशन सिंधी, इम्तियाज मलिक, नजाकत खान, महिला नगर अध्यक्ष कलावती, शिबू सक्सेना, हंसपाल, एन.यू. खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।



















