– “एक सप्ताह में फर्नीचर नहीं लगा तो तय होगी जिम्मेदारी”
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की कक्षाएं शुरू कराने की कवायद के बीच विधायक शिव अरोरा ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण कार्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, फर्नीचर और अन्य व्यवस्थाओं में धीमी प्रगति पर विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम के जीएम नरेंद्र नवानी और ठेकेदार प्रतिनिधि अनुज गोयल को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज पूरे कुमाऊं का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर आवश्यक फर्नीचर का काम पूरा किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारी तय की जाएगी।
शिव अरोरा ने कहा कि NMC के दूसरे प्रयास में इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कमियों के कारण आवेदन स्वीकृत नहीं हो सका था। अब अंतिम प्रयास के तहत केंद्र सरकार के समक्ष आवेदन किया जाना है, इसलिए इससे पहले मेडिकल कॉलेज में NMC के सभी आवश्यक मानकों को पूरा करना जरूरी है।
डे-टू-डे प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश
विधायक ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सीपी बसेरा को निर्माण, फर्नीचर, फैकल्टी, स्टाफ और अन्य व्यवस्थाओं की डे-टू-डे रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सियाना से फोन पर वार्ता कर आवश्यक फैकल्टी और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा।
विधायक ने बताया कि MBBS की कक्षाएं इसी सत्र से शुरू कराने को लेकर वह हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से भी मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में सभी बुनियादी कमियां दूर कर NMC के मानकों के अनुरूप अंतिम आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है।
शिव अरोरा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं की स्वास्थ्य व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि अब बहाने नहीं, परिणाम चाहिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ चंद्र प्रकाश, प्राचार्य,नरेंद्र नवानी, परियोजना प्रबंधक पेयजल निगम,डॉ सुमन पांडे, चिकित्सा अधीक्षक,डॉ राजीव कुमार सिंह, सर्जन, डॉ सृजन श्रीवास्तव, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, मनोज मदान आदि लोग मौजूद रहें।




















