– कांग्रेस ने आरोप लगाया- सार्वजनिक स्थल पर शुद्धिकरण की कार्रवाई से दलित समाज का हुआ अपमान, SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
– खड़गे प्रकरण को लेकर रुद्रपुर में कांग्रेस की तहरीर, आरोपियों पर मुकदमे की मांग
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर सियासी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर मामले में तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने पुलिस को तहरीर सौंपी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। कांग्रेस का आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडे और करीब 15 अन्य अज्ञात लोगों ने मैदान में यज्ञ और गंगाजल का छिड़काव कर कथित रूप से शुद्धिकरण किया।

कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को अनुसूचित जाति समाज का सार्वजनिक अपमान बताते हुए संविधान की भावना और सामाजिक समानता के खिलाफ बताया। तहरीर में कहा गया कि सार्वजनिक स्थल पर शुद्धिकरण की कार्रवाई करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने से अनुसूचित जाति सहित सामाजिक समानता एवं राष्ट्रीय एकता में विश्वास रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस कथित शुद्धिकरण से समाज में अनुसूचित जाति के लोगों को नीच अथवा अपवित्र समझे जाने का संदेश गया, जो संविधान में निहित समानता और अस्पृश्यता उन्मूलन की भावना के विपरीत है। पार्टी ने इसे अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध बताते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
तहरीर में 13 अगस्त को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा इस मामले को उठाए जाने का भी उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों का हवाला देते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा नेताओं के अलग-अलग बयानों से राजनीतिक विवाद और गहरा गया है।
कांग्रेस नेताओं ने तहरीर में हल्द्वानी पुलिस पर भी मामले में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई में कथित लापरवाही की बात कही। कांग्रेस ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर तत्काल मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान सतीश कुमार, राहुल प्रजापति, दिनेश कोली, संदीप चीमा, योगेश चौहान, पार्षद चिराग कालरा, पार्षद शुभम दास, ओमपाल सिंह, ज्योति टम्टा, कुंदन टम्टा, ज्योति आर्य, अबरार, मोहन कुमार, रंजीत तिवारी, निहाल, राकेश कोली, सरोज रानी, निसार अहमद, उमा सरकार, राजू गुप्ता, विकास मलिक, संजीव नंदी, आशीत बाला, अशोक मंडल, ललित बिष्ट और सुनील चुघ समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















