– दोनों आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद
– इंडिया नजर ब्यूरो | रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत किच्छा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग चेकिंग कार्रवाइयों के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को अपराधों की रोकथाम एवं अवैध हथियारों की तस्करी और इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए किच्छा क्षेत्र में प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई में जितेन्द्र कश्यप (19) पुत्र राधेश्याम, निवासी निकट जनता स्कूल, वार्ड नंबर 16, किच्छा को चीनी मिल के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने रोहित कश्यप (22) पुत्र छोटे लाल, निवासी जनता स्कूल, विकास कॉलोनी, वार्ड नंबर 16, किच्छा को किशनपुर किच्छा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ अवैध शस्त्रों की बरामदगी और अपराध की रोकथाम के लिए लगातार चेकिंग एवं अभियान चलाए जा रहे हैं।




















