– 8 से 14 अगस्त तक चला विशेष अभियान, नशे में ड्राइविंग, ओवरस्पीड और स्टंट करने वालों पर हुई कार्रवाई
– इंडिया नजर ब्यूरो रुद्रपुर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 8 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक चले अभियान में जनपदभर में 3,985 चालान/कार्यवाहियां की गईं, जबकि 134 वाहनों को सीज किया गया।
अभियान के दौरान तीन सवारी के 700 चालान, ओवरस्पीड के 175, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 214, रैश/स्टंट ड्राइविंग के 170, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर 38 और ड्रंक ड्राइविंग के 17 चालान किए गए। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 2,537 कार्रवाई की गई।

पुलिस ने जनपद के सभी थाना क्षेत्रों के साथ यातायात पुलिस और सीपीयू के माध्यम से अभियान चलाया। कार्रवाई के मामले में सितारगंज में 507, यातायात पुलिस काशीपुर में 417, यातायात पुलिस रुद्रपुर में 413 और पंतनगर में 402 कार्यवाहियां प्रमुख रहीं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना ऊधमसिंहनगर पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने वाहन चालकों से नशे में वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, ओवरस्पीड और स्टंट ड्राइविंग से बचने तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




















