– विधायक शिव अरोरा के प्रयासों से स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया निर्णायक चरण में, जल्द जारी हो सकता है शासनादेश
– इंडिया नजर ब्यूरो रुद्रपुर – रुद्रपुर के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से प्रस्तावित मोदी मैदान में आउटडोर स्टेडियम निर्माण की योजना अब धरातल पर उतरने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। विधायक शिव अरोरा के लगातार प्रयासों के बाद स्टेडियम के प्रथम चरण के निर्माण के लिए 23.32 करोड़ रुपये की डिजाइन एवं विस्तृत डीपीआर को विभागीय स्वीकृति मिल गई है। अब प्रस्ताव को मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली ईएफसी कमेटी के समक्ष भेजा गया है। ईएफसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री की स्वीकृति और शासनादेश जारी होने की उम्मीद है।
मोदी मैदान में इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव विधायक शिव अरोरा ने 31 अक्टूबर 2022 को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा था। इसके बाद इसे 17 मई 2023 की मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 678/2023 में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री घोषणा के क्रियान्वयन के तहत जिला विकास प्राधिकरण द्वारा पेयजल निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था बनाया गया। पेयजल निर्माण निगम ने प्रथम चरण में प्रस्तावित आउटडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए 23.32 करोड़ रुपये की लागत से डिजाइन और विस्तृत डीपीआर तैयार की।

हाल ही में सचिव आवास विभाग डॉ. आर. राजेश की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के लिए 23.32 करोड़ रुपये की धनराशि को विभागीय स्तर पर स्वीकृति प्रदान की गई और प्रस्ताव को शासनादेश की आगामी प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ाया गया।
विधायक शिव अरोरा के अनुसार, अब प्रस्ताव मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली ईएफसी कमेटी के समक्ष भेजा गया है। ईएफसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलते ही शासनादेश जारी होने की उम्मीद है। शासनादेश जारी होने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद स्टेडियम निर्माण कार्य को गति मिलने की संभावना है।
विधायक ने बताया कि प्रथम चरण में आउटडोर स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सचिव आवास को प्रस्ताव दिया है कि मोदी मैदान में इंडोर स्टेडियम का निर्माण भी इसके साथ कराया जाए, जिससे शहर के खिलाड़ियों को एक ही परिसर में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मोदी मैदान में इंडोर-आउटडोर स्टेडियम का सपना वर्ष 2022 में संकल्पित किया गया था और अब यह संकल्प सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कराने से लेकर डीपीआर तैयार होने और विभागीय स्वीकृति तक लगातार इस परियोजना की मॉनिटरिंग की गई तथा समय-समय पर शासन स्तर पर पत्राचार के माध्यम से कार्य की प्रगति को आगे बढ़ाया गया।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में लंबे समय से आधुनिक खेल सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी। आउटडोर स्टेडियम बनने के बाद स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास, प्रतियोगिताओं और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्टेडियम के निर्माण से रुद्रपुर की युवा खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है। आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे। विधायक ने कहा कि आने वाले समय में यह स्टेडियम रुद्रपुर की खेल पहचान को मजबूत करने के साथ ही नई प्रतिभाओं को तैयार करने की नर्सरी के रूप में काम करेगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा, “31 अक्टूबर 2022 को मोदी मैदान में इंडोर-आउटडोर स्टेडियम का जो संकल्प लिया था, वह अब संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री घोषणा में इसे शामिल कराने से लेकर 23.32 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार होने और विभागीय स्वीकृति मिलने तक लगातार प्रयास किए गए हैं। अब परियोजना ईएफसी की प्रक्रिया में है और इसके बाद शासनादेश जारी होते ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।”
उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक स्टेडियम का निर्माण नहीं है, बल्कि रुद्रपुर के युवाओं और खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। हमारी कोशिश है कि मोदी मैदान में आउटडोर स्टेडियम के साथ इंडोर स्टेडियम भी बने, ताकि खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर आधुनिक और बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।”
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसी भावना के अनुरूप रुद्रपुर में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लगातार रुद्रपुर के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय ले रहे हैं। विधायक ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पूर्व जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और ईमानदारी से किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप एक-एक संकल्प सिद्धि की ओर बढ़ रहा है।




















