– समीक्षा बैठक में विधायक शिव अरोरा ने 2021 की बाढ़ का किया जिक्र, निचले इलाकों में विशेष प्रबंधन और जलभराव रोकने के उपायों पर दिया जोर
| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों, राहत एवं बचाव व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बरसात के समय जलभराव, नालों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी तथा राहत एवं बचाव कार्यों की पूर्व तैयारी पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में आमजन को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
विधायक शिव अरोरा ने वर्ष 2021 में रुद्रपुर में आई भीषण बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि उस अनुभव से सीख लेते हुए इस बार पहले से व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से शिवनगर, संजय नगर, जगतपुरा सहित अन्य निचले इलाकों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में थोड़ी सी बारिश के बाद भी जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। ऐसे क्षेत्रों के लिए अलग से प्रभावी बाढ़ प्रबंधन योजना तैयार की जानी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संवेदनशील क्षेत्रों में राहत सामग्री, आवश्यक उपकरण एवं संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मानसून के मद्देनज़र आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। राहत एवं बचाव दल, आवश्यक उपकरण, चिकित्सा सुविधाएं तथा संचार व्यवस्था हर समय सक्रिय रहनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों, संवेदनशील स्थलों की स्थिति, राहत एवं बचाव व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण भी दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, तरुण दत्ता, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




















