– एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी के आदेश पर सेंट पीटर स्कूल में चला जागरूकता अभियान
– इंडिया नज़र ब्यूरो की खास रिपोर्ट किच्छा – बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किच्छा पुलिस ने एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर एक सराहनीय पहल की है। प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी के आदेश पर पुलिस की एक टीम ने सेंट पीटर स्कूल, किच्छा पहुंचकर महिला कांस्टेबलो ने स्कूली बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को स्कूल आते-जाते समय अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। बच्चों को समझाया गया कि वे हमेशा अधिकृत एवं सुरक्षित वाहन से ही यात्रा करें तथा वाहन में बैठते और उतरते समय जल्दबाजी न करें। पुलिस ने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर चलने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को “गुड टच और बैड टच” के प्रति भी जागरूक किया तथा बताया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें असहज महसूस कराए, बहलाने-फुसलाने का प्रयास करे या किसी प्रकार का लालच देकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करे तो वे तुरंत इसका विरोध करें और बिना देर किए अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को इसकी सूचना दें।
इस दौरान बच्चों को यह भी बताया गया कि वे कभी भी किसी अनजान व्यक्ति के साथ कहीं न जाएं, चाहे वह व्यक्ति किसी भी प्रकार का लालच या बहाना क्यों न बनाए। अपनी सुरक्षा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात को गंभीरता से लेना आवश्यक है।
पुलिस टीम ने बच्चों को यह भी सलाह दी कि जिस वाहन से वे प्रतिदिन स्कूल आते-जाते हैं, उसकी पूरी जानकारी उनके माता-पिता और स्कूल प्रशासन के पास होनी चाहिए। वाहन चालक का नाम, मोबाइल नंबर तथा वाहन का पंजीकरण नंबर अभिभावकों और स्कूल के रिकॉर्ड में सुरक्षित होना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा संबंधी कई सवाल भी पूछे, जिनका टीम ने सरल भाषा में उत्तर दिया। बच्चों ने इस जागरूकता अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और भविष्य में बताए गए सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने किच्छा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें संभावित खतरों से बचने के लिए भी तैयार करते हैं।
प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने कहा,“बच्चों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि बच्चों को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना भी है। सभी बच्चों को हमेशा अपने माता-पिता या स्कूल द्वारा अधिकृत वाहन से ही यात्रा करनी चाहिए। जिस वाहन से वे स्कूल आते-जाते हैं, उसकी पूरी जानकारी स्कूल और अभिभावकों के पास होनी चाहिए तथा वाहन चालक का मोबाइल नंबर भी सुरक्षित रखा जाना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “बच्चों को कभी भी किसी अनजान व्यक्ति के साथ नहीं जाना चाहिए, चाहे वह व्यक्ति किसी भी प्रकार का प्रलोभन दे। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति बातचीत करने, साथ चलने या किसी प्रकार का लालच देने का प्रयास करे तो तुरंत मना करें और इसकी जानकारी अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को दें। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों या पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करें। जागरूकता ही बच्चों की सबसे बड़ी सुरक्षा है और किच्छा पुलिस आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाती रहेगी।”




















