– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – चर्चित गैंगरेप मामले में गिरफ्तार आरोपियों को जांच के लिए ले जाते समय मंगलवार को रुद्रपुर के काशीपुर बाईपास पर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस के अनुसार वाहन बदलने के दौरान दो आरोपियों ने कथित रूप से भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल बल प्रयोग कर उन्हें काबू किया। इस दौरान मौके पर मौजूद आक्रोशित नागरिकों और कुछ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी आरोपियों की पिटाई कर दी तथा उन पर काली स्याही फेंक दी।
गौरतलब है कि 25-26 जुलाई 2026 की रात सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत युवती का भूरारानी रोड से कथित रूप से अपहरण कर गदरपुर हाईवे ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27-28 जुलाई की देर रात मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली भी लगी थी।
मंगलवार को पुलिस आरोपियों को जांच के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान काशीपुर बाईपास पर पुलिस वाहन में तकनीकी खराबी आने के कारण आरोपियों को दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान दो आरोपियों ने भागने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को घेर लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आरोपियों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर दूसरे वाहन से न्यायालय पहुंचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि गैंगरेप प्रकरण में तीनों आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी थी। मंगलवार को दो आरोपियों को जांच के लिए ले जाया जा रहा था। रास्ते में पुलिस वाहन खराब होने पर उन्हें दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी उन्होंने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल बल प्रयोग कर उन्हें रोका। इसी दौरान मौके पर मौजूद आक्रोशित नागरिकों ने भी आरोपियों की पिटाई कर दी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपियों को भीड़ से सुरक्षित निकालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।




















