– जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में पीएलवी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव बताए, दिलाई नशा न करने की शपथ
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – उत्तराखंड सरकार के “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान को गति देने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उधम सिंह नगर भी लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं वरिष्ठ सिविल जज ममता पंत के निर्देशन में जिले के विभिन्न विद्यालयों में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में अटल उत्कृष्ट आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज, गजरौला (बाजपुर) में पीएलवी शिवानी तथा राजकीय इंटर कॉलेज, गांव बाजपुर में पीएलवी गीता शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में छात्रों को बताया गया कि नशा एक धीमा ज़हर है, जो व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को नुकसान पहुंचाता है तथा युवाओं का भविष्य भी बर्बाद कर देता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकुर बिश्नोई और विज्ञान प्रवक्ता कुलविंद्र सिंह ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि अनेक समस्याओं की जड़ है। उन्होंने कहा कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को समाज से अलग करने के बजाय उन्हें उपचार और परामर्श के माध्यम से मुख्यधारा में लाने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर रमेश चंद्र, रेखा नेगी, ओमप्रकाश सेठ, कमलजीत कौर, उपकार एवं भूपेंद्र शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




















