– इंडिया नज़र ब्यूरो काशीपुर – जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली काशीपुर पुलिस ने गुरुवार को क्षेत्र के चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर उनकी परेड कराई। इस दौरान पुलिस ने सभी हिस्ट्रीशीटरों के वर्तमान आचरण, गतिविधियों और सामाजिक व्यवहार की विस्तार से समीक्षा की तथा उन्हें भविष्य में अपराध से पूरी तरह दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके रहन-सहन, रोजगार और गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की आपराधिक या असामाजिक गतिविधि में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी ने हिस्ट्रीशीटरों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि काशीपुर क्षेत्र में अपराध और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराने का उद्देश्य उन्हें कानून का पालन करने के लिए जागरूक करना, अपराध की पुनरावृत्ति रोकना तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखना है। पुलिस चाहती है कि सभी व्यक्ति अपराध का रास्ता छोड़कर सामान्य और सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें।
पुलिस ने दोहराया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




















