– विधायक शिव अरोरा ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच से पहली बार देश को मिला सहकारिता मंत्रालय, ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी बैंकिंग सुविधाएं
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – सहकारिता मंत्रालय के स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को जिला सहकारी बैंक, रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक शिव अरोरा ने ‘सहकारिता समृद्धि रथ’ एवं मोबाइल एटीएम वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह एटीएम वैन ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को उनके क्षेत्र में ही नकदी निकासी सहित बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के चलते वर्ष 2021 में सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया। मंत्रालय की स्थापना का उद्देश्य किसानों, गरीबों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सहकारिता से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद सहकारी संस्थाओं और सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों एवं छोटे उद्यमियों को सरलता से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़कर स्वरोजगार स्थापित कर रहे हैं और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
विधायक ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय की योजनाओं को अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। वहीं उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भी सहकारिता विभाग ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिनका लाभ किसानों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायतों और छोटे व्यापारियों को मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह की रूपरेखा भी साझा की गई। सप्ताह भर विभिन्न जनजागरूकता एवं विकासात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 30 जून को सहकारी पौधारोपण एवं पैक्स सशक्तिकरण दिवस, 1 जुलाई को केसीसी एवं ऋण वितरण कार्यक्रम, 2 जुलाई को विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में सहकारिता जागरूकता कार्यशालाएं, 3 जुलाई को सामान्य निकाय बैठक एवं पैक्स उन्नयन कार्यक्रम, 4 जुलाई को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हरेला वृक्षारोपण, 5 जुलाई को सोशल मीडिया आउटरीच दिवस तथा 6 जुलाई को देहरादून में राज्य स्तरीय ‘सहकार से समृद्धि सहकार मंथन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शिव अरोरा ने कहा कि सहकारिता विभाग द्वारा चलाए जा रहे ऐसे कार्यक्रमों से मंत्रालय की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा और ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों को इनका अधिक लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के प्रशासक एम.पी. तिवारी, बैंक प्रबंधक संदीप कुमार भाटिया, जिला सहायक निबंधक हरीश चंद्र खंडूरी, पार्षद प्रतिनिधि सचिन मुंजाल, यूनियन अध्यक्ष हरि सिंह, उपाध्यक्ष जी.पी. चमोली, यूनियन मंत्री हर्ष तिवारी, जिला सहकारी अधिकारी बलराज सिंह, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक रेशम सिंह, सुषमा सहित बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




















